ब्रेकिंग

ग्वालियर में दो मुद्दों पर सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारी, कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट घेरा तो सनातन सेना ने निकाला मार्च

कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की, सनातन सेना ने पुतला दहन के आरोपियों पर कार्रवाई को लेकर सौंपा ज्ञापन

ग्वालियर 30 सितंबर 2026। शहर में बुधवार को अलग-अलग मुद्दों को लेकर दो बड़े विरोध प्रदर्शन हुए। शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और कथित वोट चोरी के विरोध में कलेक्ट्रेट का घेराव किया। वहीं राष्ट्रीय सनातन सेना के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवती शुक्ला का कुछ दिन पहले पुतला दहन किए जाने के विरोध में पैदल मार्च निकालकर कोतवाली थाने में ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, गेट पर फूंका पुतला

कांग्रेस का प्रदर्शनकांग्रेस कार्यकर्ता अलकापुरी चौराहे से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की तथा मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई।

प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। मुख्य द्वार पर भारी बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया गया। कलेक्ट्रेट के गेट पर रोके जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका।

प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक प्रवीण पाठक, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव और पूर्व प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने किया। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ज्योति सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल हुईं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता का वोट महत्वपूर्ण है और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा हर वोट की सुरक्षा सुनिश्चित होना जरूरी है।

सनातन सेना का पैदल मार्च, कोतवाली में ज्ञापन

दूसरी ओर राष्ट्रीय सनातन सेना के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवती शुक्ला का कुछ दिन पहले कुछ लोगों द्वारा पुतला दहन किए जाने के विरोध में मोर्चा खोला। राष्ट्रीय संगठन मंत्री एवं अतिरिक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर पैदल मार्च निकाला।

मार्च के बाद सनातन सेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पुतला दहन करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।

सनातन सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष का पुतला दहन किए जाने की घटना का वे विरोध करते हैं और पुलिस प्रशासन से दोषियों पर जल्द कार्रवाई की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।