कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं के दम पर बदलाव का किया दावा
दतिया, 17 जुलाई 2026। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने-अपने चुनाव अभियान को और तेज कर दिया। भाजपा ने होटल प्राक्षी में मीडिया एवं सोशल मीडिया सेंटर का उद्घाटन कर डिजिटल प्रचार और संवाद को नई गति देने का संदेश दिया, वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विभिन्न गांवों में कार्यकर्ता बैठकों के माध्यम से संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय रहने का आह्वान करते हुए दतिया में बदलाव की लहर का दावा किया।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने दतिया में मीडिया एवं सोशल मीडिया सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की बैठक को संबोधित करते हुए श्री खंडेलवाल ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में मीडिया और सोशल मीडिया सूचना एवं विचारों के आदान-प्रदान का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह सेंटर चुनाव के दौरान पत्रकारों को समय पर प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की गतिविधियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है, जो पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को बूथ स्तर तक पहुंचा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को जनता का व्यापक समर्थन मिलेगा और पार्टी प्रचंड जीत दर्ज करेगी।
उधर, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ग्राम बड़ोनी, बसई और उदगंमा में आयोजित कार्यकर्ता बैठकों एवं जनसंवाद कार्यक्रमों को संबोधित किया। उनके साथ पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, उपचुनाव प्रभारी सिद्धार्थ कुशवाह, लाखन सिंह यादव तथा कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
श्री पटवारी ने कहा कि दतिया का उपचुनाव केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं, बल्कि जनता के सम्मान, विकास और जनहित की राजनीति को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जनसंपर्क कर कांग्रेस की नीतियों और जनसरोकारों को लोगों तक पहुंचाने तथा बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
कांग्रेस ने दावा किया कि कार्यकर्ताओं का उत्साह, जनता का समर्थन और संगठन की एकजुटता इस बात का संकेत है कि दतिया बदलाव के लिए तैयार है। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान तेज करने और प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने का आग्रह किया।
दूसरी ओर भाजपा ने मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से चुनावी संवाद को सशक्त बनाने पर जोर देते हुए संगठन और सरकार की उपलब्धियों को प्रमुखता से जनता तक पहुंचाने की रणनीति सामने रखी है। दोनों प्रमुख दलों की सक्रियता से स्पष्ट है कि दतिया विधानसभा उपचुनाव का चुनाव प्रचार अब निर्णायक चरण की ओर बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
