शुभारंभ में दिग्गज नेतृत्व की रही उपस्थिति
रायसेन 11 अप्रैल 2026। रायसेन में आयोजित उन्नत कृषि महोत्सव 2026 का विधिवत उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा किया गया। उद्घाटन उपरांत विभिन्न सत्रों के माध्यम से किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की उन्नत जानकारी प्रदान की जा रही है।
कृषि में तकनीक और नवाचार पर विशेष संवाद
प्रथम सत्र में प्रदेश के कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना एवं होशंगाबाद-नरसिंहपुर लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कृषि क्षेत्र में एआई (AI) के उपयोग को लेकर कृषि वैज्ञानिकों के साथ किसानों से संवाद किया। सत्र में किसानों को कृषि मोबाइल ऐप, डिजिटल तकनीकों एवं स्मार्ट खेती के माध्यम से मौसम, मंडी भाव एवं फसल संबंधी सटीक जानकारी प्राप्त करने के तरीकों से अवगत कराया गया, जिससे वे समय पर निर्णय लेकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
दलहन उत्पादन एवं नवाचार से बढ़ेगी किसानों की आय
द्वितीय सत्र में दलहन उत्पादन को लेकर कृषि वैज्ञानिकों एवं किसानों के बीच सार्थक संवाद हुआ। इस दौरान सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने उन्नत किस्मों के चयन, वैज्ञानिक बुवाई तकनीक, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था एवं कीट-रोग नियंत्रण के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी तथा किसानों को दलहन उत्पादन बढ़ाकर मृदा उर्वरता सुधारने और बेहतर आय अर्जित करने के लिए प्रेरित किया। संवाद के दौरान गाडरवारा से राव शैलेश कुमार ने अपने एफपीओ के माध्यम से किए जा रहे प्रयास साझा किए, वहीं भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान के सदस्य नीतिराज सिंह चौधरी सहित किसानों ने अपने अनुभव साझा कर समस्याओं के समाधान प्राप्त किए।
महोत्सव में मोती की खेती जैसे नवाचारों ने विशेष आकर्षण का केंद्र बनकर यह संदेश दिया कि आज कृषि केवल पारंपरिक खेती तक सीमित नहीं, बल्कि नवाचार और नई संभावनाओं का व्यापक क्षेत्र बन चुकी है। मोती की खेती किसानों की आय बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम बन सकती है और आत्मनिर्भरता की दिशा में नया मार्ग प्रशस्त करती है। बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों ने इस महोत्सव से प्राप्त ज्ञान को अपने खेतों में लागू करने का संकल्प लिया। “किसानों की प्रगति, देश की समृद्धि” के उद्देश्य के साथ यह महोत्सव कृषि क्षेत्र में नवाचार और उन्नति का मार्ग प्रशस्त कर रहा है।

