मेले का केन्द्रीय कृषि मंत्री ने किया उदघाटन, किसानों के लिए नई जानकारी, तकनीक और अवसरों का मिलेगा लाभ : दर्शन सिंह चौधरी
रायसेन 10 अप्रैल 2026। रायसेन में आयोजित राष्ट्रीय कृषि मेले का शुक्रवार को शुभारंभ केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, कृषि विशेषज्ञ एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। होशंगाबाद-नरसिंहपुर लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने बताया कि 11, 12 एवं 13 अप्रैल 2026 तक आयोजित इस मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को खेती की नई दिशा प्रदान करना तथा उनकी आय में वृद्धि के अवसरों से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि मेले के माध्यम से किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, आधुनिक कृषि उपकरणों एवं फसल उत्पादन बढ़ाने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही, विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं नवाचारों से भी किसानों को अवगत कराया जा रहा है।
मेले में विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण सत्र, प्रदर्शनियां एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे किसान आधुनिक खेती को अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बना सकें। यह राष्ट्रीय कृषि मेला किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहा है, जहां उन्हें नई जानकारी, तकनीक और अवसरों का लाभ मिल रहा है।
