ब्रेकिंग

शंकरलाल तिवारी ने भाजपा और समाज के लिए पूरा जीवन समर्पित किया- डॉ मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने रविवार को सतना टाउनहाल में पार्टी के पूर्व विधायक श्री शंकरलाल तिवारी की

श्रद्धांजलि में शामिल होकर किया संबोधित जनता की सेवा को अपना धर्म मानते थे तिवारी- हेमंत खण्डेलवाल

भोपाल/सतना, 19/10/2025। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने रविवार को सतना टाउनहाल में पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक श्री शंकरलाल तिवारी के निधन पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वर्गीय शंकरलाल तिवारी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने भाजपा और समाज के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि स्वर्गीय शंकरलाल तिवारी जनता की सेवा को ही अपना धर्म मानते थे। उनके निधन से पार्टी ने एक समर्पित कार्यकर्ता खो दिया।
जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहते थे तिवारी – डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्वर्गीय शंकरलाल तिवारी की सादगी, जनता की सेवा के प्रति समर्पण ने उन्हें जन-जन में लोकप्रिय बनाया था। स्वर्गीय तिवारी जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। उनका पूरा जीवन अनुकरणीय रहा है। उन्होंने हमेशा संगठन को सर्वोपरि मानकर कार्य किया और गरीब, किसान, मजदूर की आवाज बने। उनके जाने से पार्टी ने एक समर्पित कर्मयोगी नेता को खो दिया है।
जनता की सेवा को अपना धर्म मानते थे तिवारी – श्री हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमन्त खण्डेलवाल ने कहा कि स्वर्गीय शंकरलाल तिवारी पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता थे। वह भाजपा के आधारस्तंभ जैसे नेता थे। उनके जीवन से कार्यकर्ताओं को प्रेरणा मिलती रहेगी। सतना की धरती ने एक ऐसा जननायक खोया है जिसने सेवा को ही अपना धर्म माना था। पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को स्वर्गीय तिवारी के कार्यों से सीखना चाहिए कि जनता की सेवा ही कार्यकर्ता का सबसे बड़ा धर्म होता है।

विनम्र श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश शासन की मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, जिला अध्यक्ष श्री भगवती प्रसाद पाण्डेय, विधायक श्री श्रीकांत चतुर्वेदी, श्री विक्रम सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रामखेलावन कोल, उपाध्यक्ष श्रीमती सुष्मिता सिंह परिहार सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता व नागरिक उपस्थित रहे।