एक मामले में अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने का आरोप, दूसरे में पति को छोड़कर आरोपी के साथ गई महिला को अकेला छोड़कर फरार हुआ युवक
ग्वालियर। ग्वालियर में शादी का झांसा देकर महिलाओं से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में दूरी बना लेने के दो मामले सामने आए हैं। एक मामले में आरोपी पर पीड़िता के अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने और धमकी देने का आरोप है, जबकि दूसरे मामले में महिला को पत्नी की तरह साथ रखने और शादी का भरोसा देकर कई दिनों तक शारीरिक संबंध बनाने के बाद आरोपी के फरार होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। दोनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रिश्तेदार पर शादी का झांसा देकर संबंध बनाने और फोटो-वीडियो वायरल करने का आरोप
पिछोर क्षेत्र की रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने महिला थाने में अपने दूर के रिश्तेदार करन जाटव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। युवती का आरोप है कि अगस्त 2023 से करन शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। 12 दिसंबर 2024 को डबरा के एक होटल में भी उसके साथ संबंध बनाए गए। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस में शिकायत करने पर उसे और उसके भाइयों को जान से खत्म करने की धमकी भी दी। आरोप है कि इसके बाद करन ने युवती के अश्लील फोटो और वीडियो वायरल कर दिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 69, 351(3) और आईटी एक्ट की धारा 67(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम से दोस्ती, महाराष्ट्र ले जाकर 15 दिन साथ रखा
दूसरा मामला सिरोल थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, हाल ही में शादी हुई एक महिला की फरवरी में इंस्टाग्राम के जरिए राहुल बघेल से दोस्ती हुई थी। राहुल ने नजदीकी बढ़ाई और कथित तौर पर शादी का भरोसा देकर महिला को अपने साथ रख लिया। महिला ने अपने पति को भी छोड़ दिया।
आरोप है कि राहुल ने आर्य समाज में शादी करने की बात कही और महिला को महाराष्ट्र के जलगांव ले गया, जहां उसे करीब 15 दिन अपने साथ रखा और शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद महिला को मुरार की गोवर्धन कॉलोनी में अपने साथ रखा गया। महिला द्वारा शादी की बात करने पर राहुल ने रुपये की परेशानी बताते हुए कुछ समय बाद शादी करने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में महिला को अकेला छोड़कर फरार हो गया और मोबाइल भी बंद कर लिया।
परेशान होकर महिला सिरोल थाने पहुंची, जहां उसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी राहुल बघेल की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस दोनों मामलों में शिकायतों में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
