ब्रेकिंग

सामाजिक बुराइयों को दूर करने में समाज की भागीदारी जरूरी: नरेंद्र सिंह तोमर

अखिलभरतीय क्षत्रिय महासभा के दशहरा मिलन समारोह में शमी पूजन, शस्त्र पूजन एवं सहभोज का आयोजन

ग्वालियर। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में विजयादशमी के पावन पर्व पर महाराणा प्रताप पार्क, शताब्दीपुरम, कुंज विहार में वार्षिक दशहरा मिलन समारोह, शमी पूजन, शस्त्र पूजन एवं सहभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर तथा समारोह की अध्यक्षता महासभा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर राजेंद्र सिंह भदौरिया ने की।

समारोह के लिए किलागेट बादलगढ़ से भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा हजीरा, पड़ाव, गांधी रोड, ठाटीपुर, मुरार और गोला का मंदिर होते हुए कुंज विहार स्थित महाराणा प्रताप पार्क पहुंची, जहां यह समारोह में परिवर्तित हो गई। इसके बाद शमी पूजन, शस्त्र पूजन एवं अन्य कार्यक्रम संपन्न हुए।

समाज के सहयोग से ही दूर होंगी सामाजिक बुराइयां: तोमर

मुख्य अतिथि श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने क्षत्रिय समाज को संबोधित करते हुए कहा कि सामाजिक बुराइयां केवल कानून के माध्यम से समाप्त नहीं की जा सकतीं, बल्कि इसके लिए समाज का सहयोग भी आवश्यक है। सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और समाज में जागरूकता लाने से ही भगवान श्रीराम के आदर्शों का वास्तविक अनुसरण संभव है। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के अनुयायी होने का अर्थ उनके आदर्शों को जीवन में अपनाना है। ऐसा होने पर ही दशहरा मनाने की सार्थकता सिद्ध होगी।

सामाजिक एकता से ही प्रभावी होगी समाज की आवाज: भदौरिया

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर राजेंद्र सिंह भदौरिया ने क्षत्रिय समाज से आत्मावलोकन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी सरकारी नीति या नियम के विरोध में अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने के लिए सामाजिक एकता अत्यंत आवश्यक है। एकजुटता के माध्यम से ही नीति-निर्माताओं तक समाज की आवाज पहुंचाई जा सकती है और मांगों के अनुरूप परिणाम प्राप्त करने की संभावना मजबूत होती है।

श्री भदौरिया ने निर्धन कन्याओं के विवाह, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा के प्रसार और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे जनकल्याणकारी कार्यों के लिए निरंतर प्रयास करते रहने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

श्री के.पी. सिंह भदौरिया ने महिला सशक्तीकरण, शिक्षा और सामाजिक एकता के लिए मुक्तहस्त से सहयोग करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में किया गया निवेश आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

अनेक गणमान्यजन रहे उपस्थित

कार्यक्रम का संचालन ललित सिंह तोमर ने किया। स्वागत भाषण बृजपाल सिंह तोमर ने दिया, जबकि आभार प्रदर्शन रघुराज सिंह तोमर ने किया। समारोह में मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक सिंह जादौन, बलवीर सिंह तोमर, अशोक सिंह तोमर, रामकुमार सिंह सिकरवार, रणवीर सिंह सिकरवार, दृगेन्द्र सिंह जादौन, डॉ. जितेंद्र सिंह राजावत, राजा चौहान, अरविंद सिंह तोमर और श्रीमती रेशू राजावत सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर अतर सिंह तोमर, रमेश सिंह भदौरिया, रामकुमार सिंह सिकरवार, मौहर सिंह जादौन, अनिरुद्ध सिंह भदौरिया, विष्णु प्रताप सिंह भदौरिया, अशोक सिंह तोमर (छोटू), महेंद्र सिंह तोमर (राजू), श्रीमती गीता भदौरिया, संजय सिंह भदौरिया, अभिलाख सिंह भदौरिया, जितेंद्र सिंह भदौरिया, नरेंद्र सिंह भदौरिया, ओमेंद्र सिंह राजावत (एडवोकेट), डॉ. सुरेश सिंह तोमर, गौरव सिंह और अभिषेक भदौरिया सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।