ब्रेकिंग

आगजनी में झुलसे कर्मचारी की मौत के बाद सड़क पर शव रखकर चक्काजाम, दो घंटे ठप रहा यातायात

ग्वालियर 20 सितंबर 2026। इंदरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बीते दिनों हुई आगजनी की घटना में गंभीर रूप से झुलसे कर्मचारी ने 10 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ने के बाद आखिरकार दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस थाने में सुनवाई न होने से नाराज स्वजनों ने रविवार को घटनास्थल यानी पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और चक्काजाम कर दिया।

इस विरोध के चलते मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
चक्काजाम और सड़क पर हंगामे की सूचना मिलते ही इंदरगंज थाना प्रभारी दीप्ति तोमर और सीएसपी रोबिन जैन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया और मामले में निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
​घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शर्मा, आप जिलाध्यक्ष और कांग्रेस प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा भी मौके पर पहुंचे। नेताओं ने शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की और वहीं से पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारियों से बात कर सख्त कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस महासचिव सुनील शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों से पीड़ित परिवार के लिए उचित आर्थिक मुआवजे की मांग उठाई।

उन्होंने कहा कि मृतक ही अपने पूरे परिवार का अकेला भरण-पोषण करने वाला सहारा था, इसलिए उसके असमय चले जाने के बाद परिवार के जीवन-यापन के लिए सरकारी सहायता बेहद जरूरी है। पुलिस और जनप्रतिनिधियों के ठोस आश्वासन के बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त किया, जिसके बाद पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया।

बाइट- इंदरगंज थाना प्रभारी, दीप्ति तोमर