ग्वालियर 21 सितंबर 2026। ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक दो स्थित सुनारो की बगिया में सीवर पाइप का काम शुरू होते ही क्षेत्रवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है। लंबे समय से सीवर की समस्या से जूझ रही क्षेत्रीय जनता का आरोप है कि पाइपलाइन डालने के कार्य में भारी लापरवाही बरती जा रही है। स्थानीय निवासियों की मांग है कि सीवर लाइन पाइप को गली से बाहर निकालकर मुख्य लाइन से सही तरीके से जॉइंट किया जाए।
हालांकि, लोगों का आरोप है कि क्षेत्रीय पार्षद आशा सुरेंद्र सिंह चौहान द्वारा पाइपलाइन को बाहर निकालने के बजाय घरों के सामने गड्ढे और पीछे स्थित नाला खदान में मिलाया जा रहा है। पिछले काफी समय से खदान में जमा हो रहे मल-मूत्र और गंदगी के कारण आसपास के इलाके में भीषण बदबू फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
इस समस्या से परेशान होकर जब क्षेत्रीय जनता पार्षद से मुलाकात करने पहुंची, तो आरोप है कि पार्षद ने उनकी बात सुनने के बजाय अभद्रता शुरू कर दी। पीड़ित महिलाओं ने बताया कि पार्षद ने उनकी सुनवाई करना तो दूर, उल्टे पुलिस बुलवाकर बंद करवाने की धमकी तक दे डाली। जनप्रतिनिधि के इस रवैये से क्षेत्रीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय निवासियों से पूरा मामला समझा। महिलाओं द्वारा पार्षद की धमकी की बात बताए जाने पर सुनील शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि का अपनी ही क्षेत्र की जनता के साथ ऐसा व्यवहार अत्यंत शर्मनाक है। उन्होंने मौके से ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से बात की और सख्त लहजे में सीवर लाइन को सही ढंग से बिछाने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी नागरिक को परेशानी का सामना न करना पड़े।
वहीं दूसरी ओर, जब इस पूरे विवाद पर पक्ष जानने के लिए क्षेत्रीय पार्षद आशा सुरेंद्र सिंह चौहान से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने मामले में टालमटोल करते हुए कहा कि वे अभी मंत्री तुलसी सिलावट के कार्यक्रम में व्यस्त हैं। अब बड़ा सवाल यह उठता है कि जिस जनता ने भरोसा जताकर अपना कीमती वोट देकर जनप्रतिनिधि चुना, उसकी इस नारकीय स्थिति और जनसमस्या का समाधान कर उन्हें न्याय कौन दिलाएगा?
