ब्रेकिंग

पड़ाव में बेखौफ बदमाश: नाश्ता व्यापारी को गोली मारने वाले 3 गिरफ्तार, निर्माणाधीन प्लॉट पर मजदूरों को धमकाने का मामला भी सामने आया

दिनदहाड़े फायरिंग से सनसनी, 24 घंटे में पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा; साईं बाबा मंदिर रोड पर बाइक सवार युवकों ने मजदूरों को काम बंद करने की धमकी दी

ग्वालियर। पड़ाव थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। एक ओर थाना क्षेत्र के सामने नाश्ता दुकान संचालक को दिनदहाड़े गोली मारने की घटना से सनसनी फैल गई थी, वहीं दूसरी ओर साईं बाबा मंदिर रोड स्थित निर्माणाधीन प्लॉट पर बाइक सवार युवकों द्वारा मजदूरों को धमकाकर काम बंद कराने का मामला सामने आया है। दोनों घटनाओं ने इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

नाश्ता व्यापारी पर फायरिंग, 24 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार

पड़ाव थाना क्षेत्र में थाना परिसर के सामने नाश्ता दुकान संचालक पर बाइक सवार बदमाशों ने गोली चला दी थी। दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के तत्काल बाद पड़ाव थाना पुलिस सक्रिय हुई और आरोपियों की तलाश के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले।

पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में वारदात के पीछे लड़की से जुड़ा आपसी विवाद सामने आया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस तीनों आरोपियों को लेकर घटनास्थल पर पहुंची और वारदात से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने के लिए मौके का मुआयना कराया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

बाइट- सीएसपी, रॉबिन जैन

निर्माणाधीन प्लॉट पर मजदूरों को धमकी, काम बंद कराने का आरोप

इसी पड़ाव थाना क्षेत्र के साईं बाबा मंदिर रोड पर निर्माणाधीन प्लॉट में बाइक सवार दो युवकों के पहुंचने से हड़कंप मच गया। आरोप है कि युवकों ने वहां काम कर रहे मजदूरों को धमकाते हुए काम बंद करने को कहा और प्लॉट पर रखी सैनिटरी वैनिटी तत्काल हटाने की चेतावनी दी। ऐसा नहीं करने पर मजदूरों के साथ मारपीट करने की धमकी देने का भी आरोप है।

सूचना मिलते ही पड़ाव थाना पुलिस की FRV मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। प्लॉट मालिक भी मौके पर पहुंचे। उनका आरोप है कि पिछले कई दिनों से कुछ लोग उन्हें निर्माण कार्य करने से रोक रहे हैं और फोन के साथ-साथ मौके पर आकर भी लगातार धमकियां दी जा रही हैं। पुलिस ने शिकायत को संज्ञान में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्लॉट पर कब्जापड़ाव क्षेत्र में एक के बाद एक सामने आ रही इन घटनाओं ने पुलिस के सामने चुनौती बढ़ा दी है। अब देखना यह होगा कि गोलीकांड में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ निर्माणाधीन प्लॉट पर धमकी देने वालों के खिलाफ पुलिस जांच किस नतीजे तक पहुंचती है।