ब्रेकिंग

रुक्मणी विवाह अटूट प्रेम, सच्ची भक्ति और भगवान के प्रति पूर्ण समर्पण का प्रतीक – आचार्य सुरेश शरण शास्त्री

ग्वालियर। श्री राम समिति द्वारा आयोजित सात दिवसीय 37वें श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञानयज्ञ के छठवें दिवस कथा व्यास परम पूज्य आचार्य श्री सुरेश शरण शास्त्री जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण एवं रुक्मणी विवाह, गोपी गीत तथा दमन कथा सहित विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया।

आचार्य श्री ने रुक्मणी विवाह प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि माता रुक्मणी भगवान श्रीकृष्ण को अपना आराध्य मानती थीं और उन्हीं को पति रूप में प्राप्त करना चाहती थीं। भगवान श्रीकृष्ण ने उनकी पुकार सुनकर उनका हरण कर विवाह किया। यह प्रसंग अटूट प्रेम, सच्ची भक्ति और भगवान के प्रति पूर्ण समर्पण का प्रतीक है। कथा के दौरान गोपी गीत का भावपूर्ण वर्णन सुनकर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए। आचार्य श्री ने गोपियों के निस्वार्थ प्रेम और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति उनकी अनन्य भक्ति का महत्व बताया। वहीं दमन कथा के माध्यम से धर्म, सदाचार और ईश्वर के प्रति श्रद्धा का संदेश दिया।

रुक्मणी विवाह के प्रसंग पर श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरा कथा पंडाल भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भजनों से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद एवं पुण्य लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर परीक्षित अनीता-अनिल दीक्षित, महताप सिंह, पुरुषोत्तम अग्रवाल, कालीचरण प्रजापति, महिपत गुर्जर, रामप्रकाश शर्मा, रामप्रसाद सिंह, नंदू बोहरे, पंडित कृष्णकांत भार्गव, करेलाल कुशवाह, आनंद बाजपेयी, राधेश्याम दीक्षित सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमीजन उपस्थित रहे।