ब्रेकिंग

बढ़ता विवाद: आकृति हाईलैंड में फटा गणेश जी का होल्डिंग, अब RERA के दरवाजे पर दस्तक

रहवासियों का सवाल—हेमंत सोनी के प्रोजेक्ट में आखिर कब तक दबती रहेगी खरीदारों की आवाज? रजिस्ट्री, लंबित काम और कंपनसेशन पर मांगा जवाब

भोपाल 21 सितंबर 2026। आकृति हाईलैंड के रहवासियों की परेशानियां अब केवल अधूरे काम, रजिस्ट्री और कंपनसेशन तक सीमित नहीं रह गई हैं। रहवासियों की ओर से जारी एक फेसबुक पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि गणेश चतुर्थी के अवसर पर आकृति हाईलैंड के मार्ग पर उनकी समस्याओं और न्याय की मांग के प्रतीक के रूप में लगाया गया गणेश जी का होर्डिंग फाड़कर हटा दिया गया। रहवासियों ने इसे अपनी आवाज दबाने का प्रयास बताते हुए अब मध्यप्रदेश RERA कार्यालय में सामूहिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने का ऐलान किया है।

सवाल सीधे तौर पर AG8 Ventures और उसके प्रमुख चेहरों में शामिल हेमंत सोनी से भी जुड़ता है—आखिर आकृति हाईलैंड के खरीदारों को अपने ही घर के लिए बार-बार संघर्ष क्यों करना पड़ रहा है? जिन परिवारों ने वर्षों पहले अपनी मेहनत की कमाई लगाकर यहां घर का सपना देखा, उनके सामने आज भी रजिस्ट्री, लंबित निर्माण कार्य और कंपनसेशन जैसे सवाल क्यों खड़े हैं?

प्रतीकात्मक विरोध भी बर्दाश्त नहीं?

रहवासियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि गणेश जी का होर्डिंग उनकी समस्याओं और न्याय की पुकार का प्रतीक था। उसे फाड़ने और हटाए जाने की घटना के बाद रहवासियों ने स्पष्ट किया है कि वे टकराव नहीं चाहते, लेकिन पीछे भी नहीं हटेंगे। उनका अगला कदम RERA कार्यालय में सामूहिक उपस्थिति और अधिकारियों के सामने लंबित मांगों को रखना है।

आकृति हाइलैंड में फटा पोस्टरउनके चार सवाल बेहद सीधे हैं—रजिस्ट्री कब होगी? लंबित कार्य कब शुरू होंगे? कंपनसेशन कब मिलेगा? और आकृति हाईलैंड की समस्याओं का स्थायी समाधान कब होगा?

हेमंत सोनी के प्रोजेक्ट का पुराना रिकॉर्ड भी सवालों से खाली नहीं

ज्ञात हो कि आकृति हाईलैंड को AG8 Ventures Ltd. का प्रोजेक्ट बताया गया है और इसका MP RERA पंजीयन क्रमांक P-BRS-18-1605 है। सार्वजनिक रियल-एस्टेट रिकॉर्ड में इसे Phanda Kala, Bhopal स्थित परियोजना के रूप में दर्ज किया गया है।

दिलचस्प बात यह है कि हेमंत कुमार सोनी का नाम इस समूह और उसकी परियोजनाओं से जुड़े पुराने न्यायिक रिकॉर्ड में भी सामने आता है। आयकर अपीलीय अधिकरण के 2021 के आदेश में उन्हें AG8 Ventures का तत्कालीन CMD बताया गया है। उसी रिकॉर्ड में 2014 की तलाशी कार्रवाई के दौरान Highland Project से संबंधित लेन-देन और हेमंत सोनी के बयानों का विस्तृत उल्लेख है।

एक अन्य महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि 2022 में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के समक्ष AG8 Ventures की याचिका हेमंत कुमार सोनी, Managing Director, के माध्यम से प्रस्तुत हुई थी। यानी परियोजना और कंपनी के संचालन में उनकी भूमिका का न्यायिक रिकॉर्ड में स्पष्ट उल्लेख मौजूद है।

इसलिए आज आकृति हाईलैंड के रहवासियों द्वारा उठाए जा रहे सवाल केवल किसी सामान्य बिल्डर-विरोधी शिकायत के रूप में नहीं देखे जा सकते। यह सवाल उस परियोजना के खरीदारों के हैं, जिन्होंने वर्षों पहले कंपनी पर भरोसा करके अपने घर का सपना खरीदा था।

अब असली परीक्षा RERA और कंपनी दोनों की

सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि रहवासी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी समस्याएं RERA के सामने रखने जा रहे हैं तो उनकी शिकायतों का समाधान कब होगा? केवल होल्डिंग हटाने या विरोध को रोकने से समस्याएं खत्म नहीं होंगी।

उपलब्ध रिकॉर्ड यह भी दिखाता है कि AG8 समूह की अन्य परियोजनाओं को लेकर RERA से जुड़े विवाद न्यायिक और नियामकीय स्तर तक पहुंचे हैं। IBBI के एक आधिकारिक आदेश में Aakriti Highland सहित AG8 की कई परियोजनाओं से संबंधित MP RERA कार्रवाई का उल्लेख है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि AG8 Ventures और हेमंत सोनी इन सवालों का क्या जवाब देते हैं।

सवाल केवल किसी एक होर्डिंग का नहीं बल्कि उन परिवारों का है जिन्होंने पैसा दिया, घर का सपना देखा और अब वर्षों बाद भी अपने अधिकारों के लिए सामूहिक रूप से आवाज उठाने को मजबूर हैं। क्या आकृति हाईलैंड के खरीदारों को उनके सवालों के स्पष्ट जवाब मिलेंगे, या फिर उनकी आवाज भी एक होर्डिंग की तरह फाड़कर किनारे कर दी जाएगी?