ब्रेकिंग

मुख्य अभियंता पद की DPC के लिए इंजीनियर लामबंद, प्रमुख सचिव से मिले 21 अधिकारी

अधीक्षण यंत्रियों ने कहा—दो माह पहले निचले पदों की पदोन्नति हो चुकी, अब देरी से गिर रहा है मनोबल

भोपाल। लोक निर्माण विभाग में अधीक्षण यंत्रियों से मुख्य अभियंता पद पर पदोन्नति के लिए होने वाली विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक को लेकर हलचल तेज हो गई है। विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार प्रभारी प्रमुख अभियंता आर.एल. वर्मा, शालिग्राम बघेल, योजना आयोग के सलाहकार एस.एल. सूर्यवंशी सहित भोपाल के समस्त प्रभारी मुख्य अभियंताओं समेत कुल 21 अधिकारियों ने हस्ताक्षरित ज्ञापन के साथ प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग से मुलाकात कर लंबित DPC शीघ्र कराने का आग्रह किया है।

पदोन्नति की पूरी श्रृंखला आगे बढ़ी, मुख्य अभियंता पद पर अटकी प्रक्रिया

सूत्रों के मुताबिक अधिकारियों ने प्रमुख सचिव के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उप यंत्री से सहायक यंत्री, सहायक यंत्री से कार्यपालन यंत्री तथा कार्यपालन यंत्री से अधीक्षण यंत्री पद पर पदोन्नति के आदेश करीब दो माह पहले ही जारी हो चुके हैं। ऐसे में अधीक्षण यंत्री से मुख्य अभियंता पद की पदोन्नति प्रक्रिया लंबित रहने से संबंधित अधिकारियों में असमंजस और निराशा की स्थिति बन रही है। अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय तक पदोन्नति आदेश नहीं निकलने से उनका मनोबल भी प्रभावित हो रहा है।

शिकायतों के कारण DPC का माहौल खराब होने की बात

विभागीय सूत्रों ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि अनौपचारिक चर्चा के दौरान प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को यह स्पष्ट किया कि उनकी ओर से प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक तत्परता काफी पहले पूरी की जा चुकी है। बताया जाता है कि एक-दूसरे के विरुद्ध शिकायतों के कारण DPC के लिए अनुकूल माहौल नहीं बन पा रहा है।

हालांकि, इसके बावजूद प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि लंबित पदोन्नति समिति की बैठक शीघ्र कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। अब निगाह इस बात पर है कि विभागीय स्तर पर DPC की बैठक कब आयोजित होती है और अधीक्षण यंत्रियों की मुख्य अभियंता पद पर पदोन्नति का रास्ता कब साफ होता है।