स्पीकर ओम बिरला से भेंट कर दी शुभकामनाएं; सरसों-तूर खरीदी के फैसलों का किया स्वागत
नई दिल्ली 12 मार्च 2026। होशंगाबाद–नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने संसद सत्र के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से सौजन्य भेंट कर सदन में उनकी गरिमामयी वापसी पर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सांसद चौधरी ने कहा कि अध्यक्ष बिरला ने सदैव लोकसभा की मर्यादा, गरिमा और लोकतांत्रिक परंपराओं को सर्वोपरि रखते हुए निष्पक्ष निर्णय लिए हैं।
हाल ही में विपक्ष द्वारा अध्यक्ष के विरुद्ध लाया गया अविश्वास प्रस्ताव सदन में ध्वनि मत से अस्वीकार कर दिया गया, जिसे सांसद चौधरी ने लोकतांत्रिक संस्थाओं में सदस्यों के विश्वास का प्रतीक बताया।
सरसों के भावांतर भुगतान पर मुख्यमंत्री को दी बधाई
संसद भवन में ही सांसद चौधरी ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से भी भेंट कर प्रदेश में सरसों की खरीदी पर भावांतर भुगतान योजना लागू करने के निर्णय के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा मध्यप्रदेश के प्रस्ताव को स्वीकृति मिलना किसानों के लिए बड़ी राहत का विषय है। इस योजना से सरसों उत्पादक किसानों को बाजार मूल्य और समर्थन मूल्य के अंतर की भरपाई मिल सकेगी, जिससे उनकी आय को मजबूती मिलेगी।

इस दौरान सांसद चौधरी ने मुख्यमंत्री से प्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूंग उपार्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
सरसों और तूर खरीदी को लेकर केंद्र के फैसलों का स्वागत
सांसद चौधरी ने बताया कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने उन्हें जानकारी दी है कि केंद्र सरकार ने मध्यप्रदेश के किसानों के हित में दो महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
रबी विपणन सत्र 2025-26 के लिए मध्यप्रदेश में सरसों की खरीदी हेतु प्राइस डेफिसिट पेमेंट स्कीम (PDPS) को स्वीकृति दी गई है। इसके तहत 6,28,400 मीट्रिक टन FAQ गुणवत्ता की सरसों को योजना के दायरे में शामिल किया जाएगा, जिससे किसानों को बाजार भाव में अंतर की भरपाई मिल सकेगी।
इसके साथ ही खरीफ विपणन सत्र 2025-26 के लिए तूर (अरहर) की 93,180 मीट्रिक टन तक खरीदी को प्राइस सपोर्ट स्कीम (PSS) के अंतर्गत मंजूरी दी गई है। इस योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा निर्धारित तिथि से 60 दिनों तक पंजीकृत किसानों से तूर की खरीदी की जाएगी।
योजनाओं की निगरानी की जिम्मेदारी
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सांसद चौधरी से अनुरोध किया है कि वे अपने संसदीय क्षेत्र में इन योजनाओं के तहत होने वाली खरीदी व्यवस्था की समय-समय पर निगरानी करें, ताकि योजना का लाभ हर पात्र किसान तक पहुंचे और किसी प्रकार की अनियमितता न हो।
सांसद चौधरी ने केंद्र और राज्य सरकार के इन निर्णयों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये कदम प्रदेश के किसानों की आय बढ़ाने और कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
