ब्रेकिंग

स्वतंत्रता दिवस पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में होगा ध्वजारोहण

मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष देंगे शुभकामना संदेश

भोपाल, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में शनिवार को गरिमामय ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल तथा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल प्रातः 8:15 बजे राष्ट्रध्वज फहराकर प्रदेशवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देंगे।

ध्वजारोहण के बाद स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और राष्ट्रनायकों के त्याग, तपस्या एवं बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया जाएगा। समारोह में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रदेश कार्यालय परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।

स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का स्मरण कराता है स्वतंत्रता दिवस

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेशवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव और उल्लास का पर्व नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले लाखों स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और अमर शहीदों के त्याग, तपस्या एवं बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता असंख्य वीर सपूतों के संघर्ष, साहस और बलिदान का परिणाम है और ऐसे सभी महान स्वतंत्रता सेनानियों को इस अवसर पर श्रद्धापूर्वक नमन किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान, संप्रभुता और गौरव का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों ने इसी तिरंगे को हाथों में लेकर अंग्रेजी शासन के दमन और अत्याचार का निर्भीकता से सामना किया था। इसलिए प्रत्येक देशवासी का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना बनाए रखे।

विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान का आह्वान

श्री खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर नई पहचान और नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा है तथा देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता का दायित्व है कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की प्रगति, विकास और समृद्धि में अपना योगदान दे। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें अधिकारों के साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का भी बोध कराती है। स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के भारत के निर्माण के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा तथा देश की एकता और अखंडता को और मजबूत बनाना होगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार अपने घर पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान, गौरव और राष्ट्रभक्ति की भावना प्रदर्शित करे। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर विकसित, सशक्त, आत्मनिर्भर और गौरवशाली भारत के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की।