ब्रेकिंग

गणेश विसर्जन मार्गों के गड्ढे न भरने पर भड़की हिंदू महासभा, नगर निगम का पुतला फूंका

ग्वालियर। गणेश उत्सव के दौरान प्रतिमा विसर्जन के मुख्य मार्गों की जर्जर हालत और सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढों को लेकर हिंदू महासभा ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शिंदे की छावनी स्थित रामदास घाटी पर हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने एकत्र होकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और पुतला दहन कर अपना विरोध जताया। यह पूरा प्रदर्शन हिंदू महासभा के नेता जयवीर भारद्वाज के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

नगर निगम का पुतला दहनप्रदर्शन के दौरान जयवीर भारद्वाज ने नगर निगम प्रशासन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गणेश विसर्जन का समय आ चुका है, लेकिन शहर की सड़कों पर अभी भी खतरनाक गड्ढे मौजूद हैं। इन सड़कों पर पेच रिपेयरिंग का काम तक शुरू नहीं कराया गया है, जिससे विसर्जन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत कराने की मांग उठाई।

आंदोलन की सूचना मिलते ही इंद्रगंज थाना पुलिस सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर तैनात रही। वहीं मामला बढ़ता देख नगर निगम के अपर आयुक्त प्रदीप तोमर भी तुरंत स्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से चर्चा करते हुए आश्वस्त किया कि गणेश विसर्जन के निर्धारित सभी मार्गों पर सड़कों के गड्ढों को भरने और पेचिंग का काम तत्काल प्रभाव से शुरू कराया जाएगा।

वाइट- नगर निगम अपर आयुक्त प्रदीप तोमर