ब्रेकिंग

ग्वालियर दुर्ग पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन

प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में हुआ सामूहिक योगाभ्यास

ग्वालियर, 21 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह 6 बजे ग्वालियर के ऐतिहासिक दुर्ग परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया।

इस अवसर पर सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह, पूर्व सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुंवर सिंह जाटव, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री जयप्रकाश राजौरिया, ग्वालियर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के अध्यक्ष श्री मधुसूदन भदौरिया तथा साडा अध्यक्ष श्री अशोक शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में संभागायुक्त श्री मनोज खत्री, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजन सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में शहर के नागरिकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने देखा और स्वस्थ जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में योग के माध्यम से स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और सकारात्मक जीवन शैली का संदेश दिया गया। ऐतिहासिक ग्वालियर दुर्ग की पृष्ठभूमि में आयोजित इस सामूहिक योगाभ्यास ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को विशेष गरिमा प्रदान की।