ब्रेकिंग

ग्वालियर में गोलीकांड और 35 लाख की जमीन ठगी का खुलासा

प्रेम रंजिश में चली गोली, फर्जी मालिक बनाकर ऐंठे 35 लाख

ग्वालियर। शहर में अपराध की दो अलग-अलग वारदातों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गोले का मंदिर थाना पुलिस ने प्रेम प्रसंग से जुड़ी रंजिश में युवक पर गोली चलाने वाले आरोपी को पिस्टल और जिंदा कारतूस सहित पकड़ा है। वहीं थाटीपुर पुलिस ने फर्जी जमीन मालिक खड़ा कर 35 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

दोस्ती और प्रेम प्रसंग की रंजिश में युवक पर चलाई गोली

गोले का मंदिर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात मंगाराम फैक्ट्री के सामने ड्यूटी से घर लौट रहे सचिन श्रीवास पर पीछे से गोली चला दी गई थी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया।

युवक को लगी गोलीहोश में आने के बाद सचिन ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उसकी बृजेश नामक युवक से दोस्ती हुई थी। इसके बाद बृजेश की परिचित महिला उससे बातचीत करने लगी। इसी बात को लेकर बृजेश उससे रंजिश रखने लगा और जान से मारने की धमकी भी दी थी।

पुलिस ने घायल के बयानों के आधार पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में बृजेश ने वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।

फर्जी जमीन मालिक खड़ा किया, एग्रीमेंट के नाम पर ले लिए 35 लाख

थाटीपुर थाना क्षेत्र में जमीन बेचने के नाम पर 35 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मुरार की एक कॉलोनी निवासी पीयूष शिवहरे और योगेश शिवहरे ने पुलिस को शिकायत में बताया कि जितेंद्र बघेल, धर्मवीर बघेल, सत्येंद्र तिवारी और गंगाराम गुर्जर ने अडूपुरा गांव की जमीन का सौदा कर उनके साथ धोखाधड़ी की।

आरोपियों ने तेज जाटव और घमंडी जाटव को जमीन का मालिक बताकर सौदा कराया और 12 नवंबर 2025 को फर्जी अनुबंध के जरिए दोनों से 35 लाख रुपये ले लिए। जब खरीदारों ने रजिस्ट्री के लिए जमीन मालिक से संपर्क किया तो मामला खुल गया। जांच में पता चला कि जिन लोगों को जमीन का मालिक बताया गया था, उनकी जमीन अलग थी और उन्होंने इस जमीन का कोई सौदा नहीं किया था। शिकायत के बाद थाटीपुर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया।

पुलिस ने भिंड जिले के मालनपुर से सत्येंद्र तिवारी और गंगाराम गुर्जर तथा सिरोल क्षेत्र से जितेंद्र बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। चौथे आरोपी धर्मवीर बघेल की तलाश जारी है।