जिले में 69 हजार 700 से अधिक हितग्राहियों को नि:शुल्क रजिस्ट्री का मिलेगा लाभ
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों की बैठक में अभियान की समीक्षा की
ग्वालियर 11 सितम्बर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर प्रदेश भर में 17 सितम्बर से “सेवा संकल्प अभियान” के साथ-साथ स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना का भी शुभारंभ किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सम्पूर्ण प्रदेश में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना को उत्सव के रूप में संचालित करने के निर्देश दिए हैं। इस योजना के माध्यम से प्रदेश भर में 50 लाख लोगों को नि:शुल्क रजिस्ट्री का लाभ मिलेगा। ग्वालियर जिले में भी 69 हजार 700 हितग्राहियों को नि:शुल्क रजिस्ट्री के माध्यम से उनकी संपत्ति के पुख्ता दस्तावेज प्राप्त होंगे।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना के जिले में प्रभावी क्रियान्वयन के लिये राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिन हितग्राहियों के पास भू-अधिकार पत्र हैं, उनकी नि:शुल्क रजिस्ट्री की जायेगी। हितग्राही से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जायेगा। रजिस्ट्री शुल्क एवं अन्य शुल्क राज्य शासन द्वारा वहन किए जायेंगे।
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने बताया कि ग्वालियर जिले में लगभग 254 ग्राम पंचायतों में 494 गाँवों में अभियान के तहत शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री का कार्य किया जायेगा। इसके लिये जिले के 194 पटवारी, तहसीलदार, पंचायत सचिव, जीआरएस एवं स्थानीय युवा का सहयोग भी लिया जायेगा।
प्रत्येक निष्पादन अधिकारी को प्रतिदिन 40 रजिस्ट्री करने का लक्ष्य
अभियान के तहत राजस्व विभाग के अधिकारी ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच, सचिव, पटवारी और रोजगार सहायक मिलकर प्रत्येक गुरूवार, शुक्रवार और शनिवार को नि:शुल्क रजिस्ट्री के लिए शिविर लगाएं और प्रतिदिन कम से कम 30 से 40 रजिस्ट्री स्वामित्व योजना के अंतर्गत निष्पादित करने का लक्ष्य रखें। स्वामित्व अभिलेख अभियान की बेहतर प्लानिंग और शैड्यूलिंग कर प्रति दिन प्रगति रिपोर्ट तैयार कर सबमिट की जायेगी।
