ब्रेकिंग

भगवान भरोसे चल रहा म.प्र.प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का क्षेत्रीय कार्यालय ग्वालियर!

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की प्रशासनिक अव्यवस्था ने निगरानी व्यवस्था को किया पंगु, जिम्मेदार अधिकारियों के तबादले तो तत्काल, लेकिन खाली पदों पर नियुक्ति का इंतजार

ग्वालियर 27 नवंबर 2026। ग्वालियर को स्वच्छता के मामले में प्रदेश में प्रथम स्थान क्या मिला, मानो मध्यप्रदेश के पर्यावरण विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने यह मान लिया कि शहर में प्रदूषण की समस्या समाप्त हो चुकी है। शहर की हवा, उद्योगों का उत्सर्जन, ईंट भट्टों का संचालन और अस्पतालों-होटलों से निकलने वाले प्रदूषण की निगरानी अब शायद किसी की प्राथमिकता ही नहीं रही।

मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का ग्वालियर क्षेत्रीय कार्यालय प्रशासनिक अव्यवस्था, अधिकारियों की कमी और जिम्मेदारियों के असमंजस में ऐसा उलझा है कि यहां व्यवस्था से ज्यादा भगवान भरोसे कामकाज होने की स्थिति बन गई है।

युग क्रांति में प्रकाशित मामलों के बाद हलचल, लेकिन व्यवस्था सुधारने के बजाय अधिकारियों के तबादले!

युग क्रांति में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से जुड़े सनसनीखेज मामलों के प्रकाशन के बाद विभागीय स्तर पर हलचल जरूर मची, लेकिन ग्वालियर क्षेत्रीय कार्यालय की व्यवस्था सुधारने के बजाय यहां के चुनिंदा सक्रिय और कर्मठ अधिकारियों को स्थानांतरित कर तत्काल कार्यमुक्त करने की जल्दबाजी दिखाई गई। कुछ माह पूर्व क्षेत्रीय अधिकारी दुर्ग विजय जाटव का स्थानांतरण किया गया और उनके स्थान पर संजय जैन को जिम्मेदारी सौंपी गई। लेकिन संजय जैन भी यहां से चलते बने। अब क्षेत्रीय अधिकारी ग्वालियर का अतिरिक्त प्रभार अधीक्षण यंत्री डीके जैन को सौंपा गया है, जिनके पास पहले से ही गुना का दायित्व है।

सवाल यह है कि जब एक अधिकारी पहले से ही दूसरे जिले का दायित्व संभाल रहा है, तो उसे ग्वालियर जैसे बड़े औद्योगिक और प्रदूषण की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र का अतिरिक्त प्रभार देकर बोर्ड आखिर किस तरह की निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करना चाहता है?

तबादले और तत्काल रिलीविंग में तेजी, लेकिन रिक्त पदों पर नियुक्ति की सुध नहीं

ग्वालियर क्षेत्रीय कार्यालय से जिला अधिकारी रागिनी यादव, साइंटिस्ट सलमान खान सहित कई जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों का स्थानांतरण कर उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया गया। लेकिन उनके स्थान पर अब तक संबंधित पदों पर नियमित और जिम्मेदार अधिकारियों की पदस्थापना नहीं हो सकी है।

हाल ही में आशीष सोलंकी की पदस्थापना की गई है, जिनकी प्रथम नियुक्ति ही अभी हुई है। दो-चार दिन की ट्रेनिंग के बाद उन्हें ग्वालियर क्षेत्रीय कार्यालय में पदस्थ कर दिया गया। लेकिन सवाल यह है कि क्या इतनी बड़ी जिम्मेदारी वाले क्षेत्रीय कार्यालय में अधिकारियों की कमी इसी तरह औपचारिक और अस्थायी व्यवस्थाओं से पूरी की जाएगी?

काम का दबाव इतना कि क्षेत्रीय अधिकारी भी व्यवस्था के बोझ तले

कार्यालय की मौजूदा स्थिति यह है कि विभिन्न कार्यों के सिलसिले में लगातार लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। लेकिन किसी भी कार्य के लिए स्पष्ट और स्थायी जिम्मेदारी तय नहीं होने से कामकाज में असमंजस बना हुआ है। क्षेत्रीय अधिकारी डीके जैन पर गुना और ग्वालियर दोनों का दायित्व होने के कारण कार्यभार का दबाव साफ दिखाई देता है। स्थिति यह है कि वे काम के बोझ से दबे परेशान नजर आते हैं। जब कार्यालय में यह स्पष्ट ही नहीं कि किस अधिकारी के पास किस प्रतिष्ठान की निगरानी, किस कार्रवाई की जिम्मेदारी और किस शिकायत का निराकरण है, तो प्रदूषण नियंत्रण जैसी गंभीर व्यवस्था आखिर किस आधार पर संचालित होगी?

युग क्रांति प्रतिनिधि ने आज ग्वालियर क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचकर नगर निगम सीमा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी चाही। लेकिन कार्यालय में मौजूद किसी भी जिम्मेदार अधिकारी के पास तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं थी। संबंधित अधिकारियों के स्थानांतरण और काम के दबाव का हवाला देते हुए कार्रवाई की जानकारी देने के लिए दो दिन का समय मांगा गया।

यह स्थिति अपने आप में बोर्ड की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जिस कार्यालय के पास शहर में प्रदूषण फैलाने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी है, वहां ईंट भट्टों के विरुद्ध हुई कार्रवाई का विवरण तत्काल उपलब्ध नहीं होना प्रशासनिक लापरवाही का संकेत है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य एवं चीफ इंजीनियर एचएस मालवीय से इन तमाम हालातो पर चर्चा की तो तथ्य से हटकर इधर-उधर की बातें करते नजर आए।

अस्पताल, उद्योग और होटल किसके भरोसे?

जब युग क्रांति प्रतिनिधि ने पूछा कि अस्पतालों, उद्योगों और होटलों की प्रदूषण संबंधी निगरानी की जिम्मेदारी किस अधिकारी के पास है, तो बताया गया कि किसी के पास प्रॉपर तरीके से निश्चित दायित्व नहीं है। जो भी काम आपात स्थिति में आता है, उसे किसी भी अधिकारी या कर्मचारी से करवा लिया जाता है।

यानी ग्वालियर जैसे बड़े शहर में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की निगरानी व्यवस्था स्पष्ट जिम्मेदारियों के बजाय जरूरत पड़ने पर उपलब्ध व्यक्ति के सहारे चल रही है। यह व्यवस्था केवल प्रशासनिक अव्यवस्था नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य पर ही प्रश्नचिह्न है।

बोर्ड अध्यक्ष अनिरुद्ध मुखर्जी से सीधा सवाल

मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष अनिरुद्ध मुखर्जी (ACS) को यह स्पष्ट करना चाहिए कि ग्वालियर क्षेत्रीय कार्यालय से सक्रिय और जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल कार्यमुक्त करने के आदेश जारी करते समय उनके स्थान पर नए अधिकारियों की पदस्थापना सुनिश्चित क्यों नहीं की गई?

क्या बोर्ड ने यह मान लिया है कि ग्वालियर क्षेत्र में अब प्रदूषण फैलाने वाले उद्योग, ईंट भट्टे, अस्पताल और होटल संचालित नहीं हो रहे? क्या अधिकारियों की कमी के बावजूद प्रदूषण नियंत्रण की जिम्मेदारी स्वतः पूरी हो जाएगी। ग्वालियर को स्वच्छता में प्रदेश का प्रथम स्थान मिलना निश्चित रूप से गौरव की बात है, लेकिन स्वच्छता का सम्मान प्रदूषण नियंत्रण की जिम्मेदारी से मुक्ति का प्रमाणपत्र नहीं हो सकता। शहर की स्वच्छता और पर्यावरण की गुणवत्ता अलग-अलग, लेकिन एक-दूसरे से जुड़ी हुई जिम्मेदारियां हैं।

ग्वालियर क्षेत्रीय कार्यालय में रिक्त पदों पर तत्काल जिम्मेदार अधिकारियों की नियुक्ति, प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी के कार्यों का स्पष्ट निर्धारण और प्रदूषण फैलाने वाले प्रतिष्ठानों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करना बोर्ड की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अन्यथा ग्वालियर में प्रदूषण नियंत्रण की व्यवस्था कागजों में भले ही सक्रिय दिखाई दे, जमीनी स्तर पर उसका संचालन भगवान भरोसे ही माना जाएगा।