ग्वालियर 10 मार्च 2026। मध्यप्रदेश की राजनीति में बड़ा उलटफेर करते हुए मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की ग्वालियर खंडपीठ ने विजयपुर विधानसभा सीट को लेकर अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने मुकेश मल्होत्रा का चुनाव शून्य घोषित कर दिया है।
इसके उपरांत ही अदालत ने रामनिवास रावत को विजयपुर से निर्वाचित विधायक घोषित कर दिया है। इस फैसले से प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और इसे कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
आपराधिक रिकॉर्ड छिपाने का आरोप
विजयपुर से कांग्रेस विधायक रहे मुकेश मल्होत्रा के खिलाफ चुनाव के दौरान अपराधिक प्रकरणों की जानकारी शपथपत्र में छिपाने का आरोप लगाया गया था। इस मामले को लेकर भाजपा नेता रामनिवास रावत ने अदालत में चुनाव याचिका दायर की थी।
अदालत में सुनवाई के दौरान यह मुद्दा प्रमुख रहा कि उम्मीदवार द्वारा नामांकन के समय दिए गए शपथपत्र में सभी लंबित आपराधिक मामलों की जानकारी देना अनिवार्य है। याचिका में आरोप लगाया गया था कि इस नियम का पालन नहीं किया गया।
उपचुनाव में मिली थी जीत
उल्लेखनीय है कि विजयपुर विधानसभा के उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मुकेश मल्होत्रा ने भाजपा नेता रामनिवास रावत को सात हजार से अधिक वोटों से हराया था।
फैसले के राजनीतिक मायने:हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद विजयपुर सीट पर बड़ा राजनीतिक बदलाव हो गया है। भाजपा खेमे में जहां उत्साह का माहौल है, वहीं कांग्रेस के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है।
कानूनी जानकारों के अनुसार, इस फैसले के खिलाफ उच्चतर न्यायालय में अपील की संभावना भी बनी रह सकती है।
