होली के रंगों से समाज में समरसता का भाव पैदा होता है – राजकुमार वाजपेई
ग्वालियर। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास नई दिल्ली, मध्य भारत प्रांत विभाग ग्वालियर एवं ग्रीन वुड पब्लिक हाई स्कूल, थाटीपुर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार 8 मार्च 2026 को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम चैत्र माह कृष्ण पक्ष रंग पंचमी विक्रम संवत 2082 के अवसर पर आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राजकुमार वाजपेई, विभाग संयोजक मध्य भारत प्रांत, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास ने अपने संबोधन में कहा कि होली के रंग समाज में समरसता, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का संदेश देते हैं। उन्होंने शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए भारतीय वैदिक ज्ञान परंपरा और होली पर्व के सांस्कृतिक महत्व को विस्तार से बताया। उन्होंने पौराणिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि भगवान भक्त प्रह्लाद की रक्षा और अधर्म के अंत के प्रतीक रूप में होलिका दहन की परंपरा प्रारंभ हुई। इसी प्रकार ब्रज धाम में भगवान श्रीकृष्ण और राधा के प्रेम की होली आज भी समाज में प्रेम और आनंद का संदेश देती है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अशोक पाठक, प्रांत प्रमुख कुटुंब प्रबोधन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने उद्बोधन में राष्ट्र निर्माण में समाज की सहभागिता पर जोर देते हुए पंच परिवर्तन की अवधारणा को उदाहरण सहित समझाया। उन्होंने जल संरक्षण, वृक्षारोपण और प्लास्टिक मुक्त भारत के संकल्प को समाज में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि धीरेंद्र सिंह भदोरिया तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. सुनील पाठक, प्राचार्य पार्वतीबाई विज्ञान महाविद्यालय ग्वालियर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. श्रीमती किरण भदोरिया ने की। कार्यक्रम का संचालन राजकमल सिंह जादौन (अधिवक्ता, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय एवं विभाग विषय संयोजक भारतीय भाषा अभियान) ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. बी.पी.एस. जादौन ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. वंदना सेन, बृजेश शुक्ला, डॉ. समीर भार्गव, राधेश बाजपेई, डॉ. अभिषेक द्विवेदी, सुरेश हिंदुस्तानी, न्यास की जिला महिला प्रमुख डॉ. रेखा श्रीवास्तव, अवधेश मुद्गल सहित लगभग 40 गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
