ब्रेकिंग

नई दिल्ली में सजेगा ‘भारत गौरव प्रतिभा रत्न अवार्ड’ का भव्य मंच, ग्वालियर सहित देशभर की प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

ग्वालियर साडा अशोक शर्मा होंगे मुख्य अतिथि, प्रशासन, शिक्षा, समाजसेवा और तकनीकी क्षेत्र की हस्तियां बढ़ाएंगी समारोह की गरिमा

नई दिल्ली 21 मई 2026। देश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान देने के उद्देश्य से आगामी 24 मई को राजधानी नई दिल्ली में ‘भारत गौरव प्रतिभा रत्न अवार्ड-2026’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इंटरनेशनल अवार्ड काउंसिल द्वारा आयोजित इस समारोह में शिक्षा, समाजसेवा, कला, तकनीकी एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।

पश्चिम विहार स्थित प्रतिष्ठित होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में देशभर से प्रशासनिक, राजनीतिक, शैक्षणिक और सामाजिक क्षेत्र की अनेक जानी-मानी हस्तियां शामिल होंगी। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और इसे राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित सम्मान समारोह के रूप में देखा जा रहा है।

आयोजन समिति के अनुसार, मध्य प्रदेश शासन के राज्यमंत्री दर्जा एवं ग्वालियर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) के अध्यक्ष अशोक शर्मा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत सरकार के सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तनवीर जफर अली करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश शासन के सेवानिवृत्त स्टेट टेक्निकल हेड एवं ‘चीफ मिनिस्टर राइज प्लानिंग फॉर स्कूल’ के प्रमुख विष्णुकांत कंकने उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा उत्तर मध्य रेलवे (NCR) की जैडआरयूसीसी के सदस्य हरिओम शर्मा भी विशेष अतिथि के रूप में समारोह में भाग लेंगे।

प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान देने का प्रयास

इंटरनेशनल अवार्ड काउंसिल का कहना है कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को अक्सर व्यापक मंच नहीं मिल पाता। ‘भारत गौरव प्रतिभा रत्न अवार्ड’ ऐसे ही प्रतिभाशाली लोगों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और उनके कार्यों को नई ऊर्जा प्रदान करने का प्रयास है।

आयोजकों के अनुसार यह समारोह केवल सम्मान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, प्रशासकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के बीच संवाद एवं अनुभव साझा करने का महत्वपूर्ण मंच भी बनेगा।
24 मई को होने वाले इस राष्ट्रीय आयोजन पर देशभर की नजरें टिकी हुई हैं और उम्मीद की जा रही है कि यह कार्यक्रम अनेक प्रेरणादायी व्यक्तित्वों के कार्यों को नई पहचान देगा।