ब्रेकिंग

200 रुपये के स्टांप की एंट्री पर फायरिंग, आरोपी अयोध्या के होटल से गिरफ्तार

टाइपराइटर एजाज खान ने वकील और उसके बेटे पर चलाई थी गोली, पुलिस ने घटनास्थल पर निकाला जुलूस

ग्वालियर। ओल्ड जिला कोर्ट रोड के पीछे 200 रुपये के स्टांप की रजिस्टर में एंट्री को लेकर स्टांप वेंडर और उसके बेटे पर दिनदहाड़े गोली चलाने वाले आरोपी टाइपराइटर एजाज उर्फ अयाज खान (25) को पुलिस ने फैजाबाद-अयोध्या के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को ग्वालियर लेकर पहुंची और घटनास्थल पर उसका जुलूस निकाला। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और फायरिंग में इस्तेमाल तमंचे की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

200 रुपये के स्टांप से शुरू हुआ विवाद

आरोपी एजाज खान निवासी 24 बीघा, बहोड़ापुर, ओल्ड जिला कोर्ट रोड के पीछे स्टांप वेंडर प्रमोद वर्मा की दुकान के पास टाइपिंग का काम करता है। बताया गया है कि 1 अक्टूबर को एजाज ने प्रमोद वर्मा की दुकान से 200 रुपये का स्टांप खरीदा था, लेकिन उसकी रजिस्टर में एंट्री नहीं कराई गई थी। इसी बात को लेकर प्रमोद के बेटे तरुण से उसका विवाद हुआ था।

हालांकि अगले दिन एजाज ने दुकान पर पहुंचकर स्टांप की एंट्री करा दी थी और मामला उस समय शांत हो गया था। पुलिस के मुताबिक इसके बावजूद एजाज ने विवाद को लेकर रंजिश पाल ली।

तमंचे से फायर, दूसरी गोली चलाने की कोशिश भी नाकाम

शनिवार दोपहर करीब 3 बजे एजाज दुकान पर पहुंचा और अभद्रता करने लगा। इसके बाद उसने तमंचे से हवाई फायर कर दिया। एक गोली चलाने के बाद भी आरोपी नहीं रुका। उसने तमंचे में दूसरा राउंड भरकर दोबारा गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन फायर मिस हो गया। इसके बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। फायरिंग के दौरान प्रमोद वर्मा और उनका बेटा तरुण बाल-बाल बच गए।

घटना के बाद इंदरगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस को आरोपी के फैजाबाद-अयोध्या पहुंचने की जानकारी मिली, जहां वह एक होटल में छिपकर रह रहा था। लोकेशन ट्रेस होने के बाद पुलिस टीम फैजाबाद पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर ग्वालियर ले आई। पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर जुलूस निकाला। अब उससे पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल तमंचे की बरामदगी सहित अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

बाइट—रोबिन जैन, CSP ग्वालियर