झांसी। आज दिनांक 07 मार्च 2026 को वाणिज्य नियंत्रक के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 07075 में अनाधिकृत रूप से ट्रेन साइड वेंडिंग का संचालन किया जा रहा है। प्राप्त सूचना के आधार पर वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर संयुक्त जांच अभियान चलाया गया।
गाड़ी के स्टेशन आगमन के समय लगभग 18:30 बजे संयुक्त टीम द्वारा की गई जांच के दौरान 06 अनाधिकृत वेंडर पाए गए। जांच में पाया गया कि इन वेंडरों के पास खाद्य सामग्री विक्रय से संबंधित किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे।
जांच के दौरान वेंडरों के पास से पानी की बोतलें, वेज थाली, अंडा बिरयानी, समोसे, चाय का थर्मस, चिप्स, नमकीन एवं बिस्कुट सहित विभिन्न खाद्य सामग्री बरामद की गई। सभी अनाधिकृत वेंडरों को खाद्य सामग्री सहित झांसी स्टेशन पर उतारकर अग्रिम कार्रवाई हेतु हिरासत में लिया गया।
उक्त सघन जांच अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा के निर्देशन तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में भी चलाया गया, जिसके चलते एक अनाधिकृत वेंडर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ I
झांसी मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री वितरण और बेहतर सेवाओं को सुनिश्चित करने के लिए ट्रेनों में अनाधिकृत वेंडिंग के विरुद्ध लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे केवल अधिकृत वेंडरों से ही खाद्य सामग्री खरीदें।
