राष्ट्रपति भवन के कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद चौधरी
भोपाल/नई दिल्ली। भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान भोपाल में किसानों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें वैज्ञानिक खेती और प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक विष्णु खत्री एवं संस्थान की प्रबंधन समिति के सदस्य नीतिराज सिंह पटेल शामिल हुए। संस्थान के निदेशक मनोरंजन मोहंती ने अतिथियों का स्वागत किया।कार्यक्रम के दौरान किसानों को मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग, उन्नत कृषि तकनीकों और प्राकृतिक खेती की पद्धतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अतिथियों ने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान, प्राकृतिक कृषि और आधुनिक तकनीक के समन्वय से खेती को अधिक टिकाऊ और लाभकारी बनाया जा सकता है। इस अवसर पर अखिल भारतीय प्राकृतिक कृषि नेटवर्क कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न कृषि-पारिस्थितिकी प्रणालियों में प्राकृतिक खेती के प्रयोगों का भी अवलोकन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मन निधि की 22वीं किस्त जारी करने के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया। प्रधानमंत्री ने असम के गुवाहाटी से देश के 9.32 करोड़ किसानों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से लगभग 18,640 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की।
इधर नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘अल्पाहार’ कार्यक्रम में होशंगाबाद-नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दर्शनसह चौधरी शामिल हुए। कार्यक्रम की मेजबानी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की, जिसमें मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों के सांसद उपस्थित रहे।
सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने राष्ट्रपति से भेंट कर उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राज्यों के सांसदों के साथ देश के विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ
