ग्वालियर/दतिया 23 मार्च 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 24 मार्च को ग्वालियर संभाग के प्रवास पर रहेंगे, जहां वे दतिया जिले के भाण्डेर में आयोजित विशाल किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। किसान कल्याण वर्ष के तहत आयोजित इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री किसानों से संवाद करने के साथ-साथ करीब 62 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे।
भाण्डेर की कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभ भी वितरित करेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाकर शासन की योजनाओं और उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के माध्यम से 62 करोड़ रुपए से अधिक लागत के विकास कार्यों की सौगात देंगे। इनमें लगभग 55 करोड़ रुपए की लागत से 10 कार्यों का लोकार्पण और 7 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 2 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है।
लोकार्पित होने वाले प्रमुख कार्यों में पीजी कॉलेज दतिया में विज्ञान संकाय भवन एवं कैंटीन, माता रतनगढ़ समग्र विकास योजना के अंतर्गत यात्री निवास, पुलिस लाइन में रक्षित निरीक्षक कार्यालय, संदीपनी उत्कृष्ट विद्यालय भाण्डेर, ततारपुर स्टेडियम, पंडोखर धाम एवं रामगढ़ माता मंदिर के समीप विश्राम गृह जैसे महत्वपूर्ण निर्माण शामिल हैं। वहीं, रतनगढ़ माता मंदिर पर 33/11 केवी उपकेंद्र की स्थापना तथा भाण्डेर में 50-50 सीटर बालक एवं बालिका छात्रावास भवन का शिलान्यास भी किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोपहर 12:25 बजे हेलीकॉप्टर से भाण्डेर पहुंचेंगे और किसान सम्मेलन में सहभागिता के बाद दोपहर 1:30 बजे यहां से रवाना होकर लगभग 2 बजे राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल पहुंचेंगे। इसके पश्चात वे ग्वालियर से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
यह सम्मेलन न केवल किसानों के लिए योजनाओं की जानकारी और लाभ वितरण का मंच बनेगा, बल्कि क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को गति देने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
