पीड़ित परिवार को मिलेगा न्याय और दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई- मंत्री श्री विश्वास सारंग
दोषियों के अवैध निर्माणों पर चलेगा बुल्डोजर
भोपाल 31 मार्च 2026। भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र में होटल संचालक विजय मेवाड़ा की दुखद हत्या के मामले को लेकर सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने संज्ञान लेते हुए दोषियों पर जल्द से जल्द कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री श्री सारंग ने मंगलवार को पीड़ित परिवार से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा इस कठिन समय में हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिमाकत ना कर पाए। मंत्री श्री सारंग ने पुलिस अधिकारियों को दोषियों के अवैध निर्माणों पर बुल्डोजर की कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
पूरे क्षेत्र में डोर-टू-डोर सर्च अभियान चलाकर अपराधियों पर होगी कार्रवाई
मंत्री श्री सारंग ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र के सभी बदमाशों और असामाजिक तत्वों को तत्काल चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के अवैध निर्माणों पर बुल्डोजर की कार्रवाई करने तथा पूरे क्षेत्र में डोर-टू-डोर सर्च अभियान चलाकर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्ति के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री श्री सारंग ने मृतक की बेटियों की पढ़ाई का उठाया जिम्मा
पीड़ित परिवार को राहत प्रदान करते हुए मंत्री श्री सारंग ने मृतक विजय मेवाड़ा की दोनों बेटियों की शिक्षा का संपूर्ण खर्च उठाने की घोषणा की। साथ ही, दोनों बेटियों के नाम 50-50 हजार रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) कराने की बात कही। इसके अतिरिक्त उन्होंने दिवंगत की पत्नी को उपयुक्त रोजगार उपलब्ध कराने हेतु भी आश्वासन दिया।
मंत्री श्री सारंग के साथ मौके पर एडिशनल सीपी अवधेश गोस्वामी, एडिशनल डीसीपी जोन 1 रश्मि अग्रवाल, एसीपी हबीबगंज उमेश तिवारी सहित टीआई अशोका गार्डन अनुराग लाल मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र में होटल संचालक विजय मेवाड़ा द्वारा आरोपी को समझाने का प्रयास करने पर आरोपी आसिफ और उसके साथियों द्वारा इस हृदयविदारक घटना को अंजाम दिया गया था।
