ब्रेकिंग

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त: क्या BNSS की धारा 223 के तहत जारी नोटिस छिपाना बना चुनावी विवाद का कारण?

चुनाव आयोग ने खारिज की अपील लेकिन कानूनी बहस अभी बाकी

भोपाल 10 जून 2026। मध्यप्रदेश के राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस को उस समय बड़ा झटका लगा जब पार्टी उम्मीदवार का नामांकन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा निरस्त कर दिया गया। निरस्तीकरण का आधार हैदराबाद की एक अदालत में लंबित निजी शिकायत और उससे संबंधित BNSS की धारा 223 के अंतर्गत जारी नोटिस को नामांकन शपथपत्र में उल्लेखित न करना बताया गया है।

मामला केवल एक उम्मीदवार के नामांकन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 223, चुनावी शपथपत्र में खुलासे की सीमा तथा उम्मीदवारों की पारदर्शिता को लेकर एक नई कानूनी बहस खड़ी कर दी है। निर्वाचन आयोग ने नटराजन की अपील खारिज कर दी है इसलिए कांग्रेस न्याय मांगने के लिए कल सुप्रीम कोर्ट पहुंच रही है।

क्या है BNSS की धारा 223?

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 223, पुरानी दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 200 का समकक्ष प्रावधान है। इस धारा के तहत जब किसी मजिस्ट्रेट के समक्ष निजी शिकायत प्रस्तुत होती है, तो वह शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज करता है तथा आवश्यक होने पर संबंधित व्यक्ति को सुनवाई का अवसर दे सकता है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य शिकायत की प्रथम दृष्टया सत्यता का परीक्षण करना होता है।

यहीं से विवाद शुरू होता है। प्रश्न यह है कि यदि किसी व्यक्ति को धारा 223 के तहत नोटिस या समन जारी किया गया हो, तो क्या उसे चुनावी शपथपत्र में “लंबित न्यायिक प्रकरण” के रूप में घोषित करना आवश्यक है?

रिटर्निंग ऑफिसर का आधार

रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष प्रस्तुत आपत्ति में कहा गया कि हैदराबाद की अदालत में एक निजी शिकायत लंबित थी और उस मामले में मीनाक्षी नटराजन को नोटिस जारी किया गया था। बताया गया कि उन्होंने उस नोटिस का जवाब भी दाखिल किया था। आपत्ति करने वालों का तर्क था कि:

  • मामला न्यायालय में लंबित था।
  • उम्मीदवार को इसकी जानकारी थी।
  • फिर भी नामांकन के साथ प्रस्तुत शपथपत्र में इसका उल्लेख नहीं किया गया।
  • यह तथ्य “मटेरियल फैक्ट” अर्थात महत्वपूर्ण जानकारी की श्रेणी में आता है।

इसी आधार पर नामांकन निरस्त किया गया।

कांग्रेस का पक्ष

कांग्रेस का कहना है कि:

  • मामला केवल निजी शिकायत का था।
  • कोई पुलिस एफआईआर नहीं थी।
  • आरोप तय (Charge Framing) नहीं हुए थे।
  • मुकदमे का नियमित ट्रायल प्रारंभ नहीं हुआ था।
  • धारा 223 के तहत जारी नोटिस केवल प्रारंभिक प्रक्रिया का हिस्सा था।

कांग्रेस का तर्क है कि ऐसी स्थिति को उस प्रकार का लंबित आपराधिक मामला नहीं माना जा सकता जिसके प्रकटीकरण की अनिवार्यता हो।

कानूनी विवाद का असली केंद्र

पूरे विवाद का केंद्र एक ही प्रश्न है कि _

क्या BNSS की धारा 223 के अंतर्गत जारी नोटिस को चुनावी शपथपत्र में घोषित किए जाने योग्य लंबित न्यायिक या आपराधिक प्रकरण माना जाएगा?

यदि उत्तर “हाँ” है, तो नामांकन निरस्तीकरण का निर्णय मजबूत दिखाई देता है। यदि उत्तर “नहीं” है, तो यह कहा जा सकता है कि उम्मीदवार द्वारा कोई अनिवार्य जानकारी नहीं छिपाई गई थी।

चुनावी कानून कहता है कि_उम्मीदवारों द्वारा दाखिल किए जाने वाले शपथपत्र (Form-26) का उद्देश्य मतदाताओं और निर्वाचक मंडल को उम्मीदवार की पृष्ठभूमि से अवगत कराना है। सुप्रीम कोर्ट ने कई महत्वपूर्ण फैसलों में यह सिद्धांत स्थापित किया है कि उम्मीदवारों को अपने विरुद्ध लंबित मामलों की जानकारी यथासंभव व्यापक रूप से देनी चाहिए।

प्रमुख न्यायिक सिद्धांत

Association for Democratic Reforms Judgment…

इस निर्णय में सर्वोच्च न्यायालय ने माना कि मतदाताओं को उम्मीदवार के बारे में जानकारी प्राप्त करना लोकतांत्रिक अधिकार का हिस्सा है।

Public Interest Foundation v. Union of India…

इस मामले में भी न्यायालय ने उम्मीदवारों के आपराधिक मामलों के प्रकटीकरण पर बल दिया और चुनावी पारदर्शिता को लोकतंत्र की मूल आवश्यकता बताया।

कानूनी विशेषज्ञ क्या मानते हैं?

कई विधि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि:

  • न्यायालय ने शिकायत पर संज्ञान लिया हो,
  • संबंधित व्यक्ति को नोटिस या समन जारी किया गया हो,
  • और व्यक्ति ने न्यायालय में उपस्थित होकर जवाब भी दिया हो,

तो यह तर्क दिया जा सकता है कि मामला न्यायालय में लंबित था और उसका उल्लेख किया जाना चाहिए था। वहीं दूसरी ओर विशेषज्ञों का एक वर्ग यह भी मानता है कि धारा 223 की कार्यवाही अभी प्रारंभिक जांच या सुनवाई की अवस्था हो सकती है, इसलिए उसे पूर्ण विकसित आपराधिक मुकदमे के बराबर नहीं माना जा सकता।

यह विवाद अब केवल राजनीतिक नहीं रह गया है। यदि मामला उच्च न्यायालय/ सर्वोच्च न्यायालय तक पहुंचता है तो न्यायपालिका को यह स्पष्ट करना पड़ सकता है कि:

  • BNSS की धारा 223 के नोटिस की कानूनी प्रकृति क्या है?
  • क्या इसे चुनावी शपथपत्र में घोषित करना अनिवार्य है?
  • और क्या ऐसी जानकारी न देना नामांकन निरस्त करने का पर्याप्त आधार बन सकता है?

मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्तीकरण का मामला भारतीय चुनावी कानून और BNSS की नई व्यवस्था के बीच उभरे एक महत्वपूर्ण कानूनी प्रश्न का उदाहरण बन गया है।

इस विवाद का केंद्र यह नहीं है कि उम्मीदवार दोषी हैं या निर्दोष, बल्कि यह है कि धारा 223 के तहत निजी शिकायत में जारी नोटिस को चुनावी प्रकटीकरण के दायरे में रखा जाए या नहीं। यदि सुप्रीम कोर्ट ने उपरोक्त प्रमुख न्यायिक सिद्धांत को आधार बनाया तो भले ही कांग्रेस न्याय व्यवस्था पर सवाल उठाए मगर “ऐसी स्थिति में नटराजन को यहां से भी राहत मिलने के असर कम नजर आ रहे हैं”!