नई दिल्ली 25 जुलाई 2026। देश में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और शिक्षा व्यवस्था को लेकर उठा छात्र आंदोलन अब केवल परीक्षा संबंधी विरोध तक सीमित नहीं रह गया है। सीजेपी (छात्र संगठन) सहित विभिन्न छात्र संगठनों और युवाओं के नेतृत्व में हुए प्रदर्शनों ने यह स्पष्ट कर दिया कि जब युवाओं का भविष्य दांव पर होता है तो लोकतंत्र की सबसे मजबूत आवाज़ भी वही बनते हैं। आज वह पंक्ति सार्थक हो गई_ “तकदीर उधर मुड़ जाती है जी और जवानी चलती है”।
NEET परीक्षा विवाद, पेपर लीक के आरोप, शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की मांग और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग ने आंदोलन को राष्ट्रीय स्वरूप दे दिया। अनेक स्थानों पर छात्रों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए, जबकि कुछ जगहों पर हिंसा, तोड़फोड़ और उपद्रव की घटनाएं भी सामने आईं। इन घटनाओं ने आंदोलन की मूल भावना को प्रभावित करने का प्रयास किया, लेकिन इससे यह भी स्पष्ट हुआ कि बड़े जन आंदोलनों में असामाजिक तत्व घुसपैठ कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते हैं।
लोकतंत्र में विरोध और असहमति का अधिकार नागरिकों को संविधान देता है, लेकिन सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और हिंसा किसी भी आंदोलन की नैतिक शक्ति को कमजोर करता है। इसलिए आवश्यक है कि प्रशासन उपद्रवियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करे, ताकि वास्तविक छात्रों और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों की आवाज़ दब न जाए।
यह आंदोलन एक महत्वपूर्ण संदेश भी देता है कि आज का युवा केवल रोजगार नहीं, बल्कि पारदर्शी व्यवस्था, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और जवाबदेह शासन चाहता है। सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने साबित किया कि लोकतंत्र में जनमत की शक्ति आज भी सबसे प्रभावी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सरकारें युवाओं की आशंकाओं और मांगों को समय रहते गंभीरता से सुनें, तो ऐसे आंदोलनों की नौबत कम आएगी। वहीं छात्र संगठनों की भी जिम्मेदारी है कि वे अपने आंदोलनों को पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक बनाए रखें।
देश के हालिया घटनाक्रम ने यह स्थापित किया है कि लोकतंत्र केवल चुनावों तक सीमित नहीं है, बल्कि जागरूक नागरिकों—विशेषकर युवाओं—की सक्रिय भागीदारी से ही उसकी वास्तविक ताकत बनी रहती है। जब युवा अपने अधिकारों, भविष्य और व्यवस्था की पारदर्शिता के लिए संगठित होकर आवाज़ उठाते हैं, तब वह लोकतंत्र की जीवंतता और उसकी सबसे बड़ी शक्ति का प्रतीक बन जाते हैं।
