परियोजनाओं के बेहतर संचालन के साथ स्मार्ट सिटी की आय बढ़ाने पर सीईओ श्री टी. प्रतीक राव ने दिया जोर
स्मार्ट सिटी के कार्यो की सीईओ ने की समीक्षा, दिए आवश्यक दिशा निर्देश
ग्वालियर 20 अगस्त 2026। स्मार्ट सिटी की पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं के बेहतर संचालन एवं रखरखाव के लिए प्रभावी एवं व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि परियोजनाओं का दीर्घकालीन एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित होने के साथ-साथ स्मार्ट सिटी की आय में भी वृद्धि हो सके। यह निर्देश स्मार्ट सिटी के सीईओ श्री टी. प्रतीक राव ने गुरुवार को मोती महल स्थित स्मार्ट सिटी के सभाकक्ष में आयोजित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को दिए।
सीईओ श्री टी. प्रतीक राव ने कहा कि स्मार्ट सिटी द्वारा पूर्ण की जा चुकी परियोजनाएं शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई हैं। इसलिए इन परियोजनाओं के संचालन एवं रखरखाव की स्पष्ट जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए ऐसी कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे उनका अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके। साथ ही परियोजनाओं से राजस्व अर्जित करने की संभावनाओं का भी परीक्षण किया जाए, जिससे स्मार्ट सिटी की आय में वृद्धि हो और भविष्य में इन परिसंपत्तियों का बेहतर प्रबंधन किया जा सके।
बैठक में सीईओ श्री टी. प्रतीक राव ने स्मार्ट सिटी द्वारा पूर्ण की गई विभिन्न परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की तथा अधिकारियों से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति एवं उनके संचालन से संबंधित जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि पूर्ण परियोजनाओं को और अधिक उपयोगी एवं जनहितकारी बनाने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इनका लाभ उठा सकें।
स्मार्ट सिटी द्वारा विकसित सेंट्रल डिजिटल लाइब्रेरी की समीक्षा करते हुए सीईओ श्री टी. प्रतीक राव ने निर्देश दिए कि डिजिटल लाइब्रेरी में उपलब्ध पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री के डिजिटल स्वरूप का लाभ लाइब्रेरी परिसर के बाहर भी नागरिकों को मिल सके, इसके लिए आवश्यक तकनीकी एवं संचालन संबंधी कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों तक इसकी पहुंच बढ़ाई जानी चाहिए।
सीईओ श्री टी. प्रतीक राव ने स्मार्ट सिटी की प्रगतिरत परियोजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों को आपसी समन्वय एवं स्पष्ट जिम्मेदारी के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। जिन परियोजनाओं में किसी कारण से कार्य की गति प्रभावित हो रही है, उनके लिए विशेष रणनीति तैयार कर बाधाओं का तत्काल निराकरण करते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए।
बैठक में मल्टीलेवल कार पार्किंग, सचिन तेंदुलकर रोड, फसाड लाइटिंग सहित स्मार्ट सिटी की अन्य प्रगतिरत परियोजनाओं की समीक्षा की गई। सीईओ ने प्रत्येक परियोजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता के साथ शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक के प्रारंभ में स्मार्ट सिटी सीईओ श्री टी. प्रतीक राव ने स्मार्ट सिटी एवं पीडीएमसी के अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा परियोजनाओं से संबंधित विभागवार जानकारी ली। बैठक में स्मार्ट सिटी एवं पीडीएमसी के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
