ग्वालियर। शहर में चोरी की अलग-अलग वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुरार पुलिस ने वाहन चोरी कर उसे भिंड ले जाकर काटकर पुर्जे बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है, वहीं थाटीपुर पुलिस ने मकान मालिक के घर से सोने-चांदी के गहने चोरी करने वाले किराएदार को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया है।
छोटा हाथी चोरी कर भिंड में काट देते थे, गैरेज से मिले पुर्जे
मुरार थाना क्षेत्र से सुनील सिंह का छोटा हाथी वाहन चोरी होने की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में वाहन के भिंड की ओर ले जाए जाने की जानकारी मिली। पुलिस को पता चला कि चोरी का वाहन भारौली चौराहा स्थित एएस क्लासेस गैरेज में खड़ा है।
पुलिस टीम ने दबिश देकर गैरेज संचालक कबीर खान को हिरासत में लिया। पूछताछ के आधार पर उसके साथी आशीष उर्फ छोटू और मिस्त्री अरशद अंसारी को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए वाहन के अलग-अलग पार्ट्स बरामद हुए।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह ग्वालियर से वाहन चोरी करने के बाद उन्हें भिंड ले जाता था और वहां वाहन काटकर उसके पुर्जे अलग-अलग स्थानों पर बेच देता था। पुलिस तीनों आरोपियों से चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
घर से बाहर गया मालिक, पीछे से किराएदार ने कर दिया हाथ साफ
थाटीपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुरा निवासी सत्येंद्र याज्ञिक के घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी हो गए। फरियादी के मुताबिक वह दोपहर में घर पर ताला लगाकर बाजार गए थे। कुछ देर बाद लौटे तो खिड़की के जंगले का सरिया टूटा मिला और कमरे का सामान बिखरा हुआ था।
दीवान में रखी सोने की चेन, झुमकी, अंगूठी तथा चांदी की पायल और बिछिया गायब थीं। फरियादी ने तीन माह से किराए पर रह रहे दीपक दुबे पर संदेह जताया। पुलिस ने किराएदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए गहने बरामद कर लिए।
