ब्रेकिंग

सिंधिया ने किया मल्टीलेवल पार्किंग का औचक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

ग्वालियर। अपने दो दिवसीय दौरे पर ग्वालियर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने महाराज बाड़ा स्थित करोड़ों रुपये की लागत से तैयार हो रहे मल्टी लेवल पार्किंग प्रोजेक्ट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रोजेक्ट की वर्तमान स्थिति और निर्माण कार्य की गति का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री और क्षेत्रीय विधायक नारायण सिंह कुशवाहा भी उनके साथ मौजूद रहे। इसके अलावा प्रोजेक्ट स्थल पर प्रशासनिक अमला भी मुस्तैद दिखा, जिसमें प्रोजेक्ट के मैनेजर के साथ ग्वालियर कलेक्टर, एडीएम, नगर निगम आयुक्त और अन्य संबंधित अधिकारीगण शामिल रहे।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने प्रोजेक्ट मैनेजर और अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और पूरे प्रोजेक्ट के तकनीकी पहलुओं को समझा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को पूरी गुणवत्ता के साथ और तय समय सीमा के भीतर जल्द से जल्द पूरा किया जाए। सिंधिया ने कहा कि महाराज बाड़ा क्षेत्र शहर का मुख्य व्यापारिक केंद्र है, ऐसे में इस मल्टी लेवल पार्किंग के शुरू होने से शहरवासियों और व्यापारियों को पार्किंग की समस्या और ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान आम जनता को होने वाली असुविधा को न्यूनतम रखने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए।