महाशिवरात्रि पर्व पर तीन घण्टे लाइन में लगकर किए कोटेश्वर महादेव के दर्शन
ग्वालियर 8 मार्च 2024। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर शुक्रवार को महाशिवरात्रि पर्व की बेला में भोलेनाथ की भक्ति में लबरेज नज़र आए। इस दौरान उन्होंने कोटेश्वर महादेव पैदल यात्रा की और श्रद्धालुओं के साथ भोलेनाथ के भजनों की धुन पर थिरकते नज़र आए।
उल्लेखनीय है कि हर साल की तरह इस वर्ष भी ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने महाशिवरात्रि पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाने का फैसला किया था। शुक्रवार की सुबह उन्होंने मरकण्डेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर भोलेनाथ कि आशीर्वाद लिया। तदोपरांत अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अनुसार भगवान भोलेनाथ के भक्तों के साथ हजीरा चौराहे से पैदल चलकर किला गेट होते हुए कोटेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। इस दौरान ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भगवान भोलेनाथ की भक्ति में लबरेज नज़र आए और वे भोलेनाथ के भजनों की धुनों पर अपने पैरों को थिरकने से नहीं रोक पाए। इसके बाद ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कोटेश्वर महादेव मंदिर में एक सामान्य श्रद्धालु की भांति तीन घण्टे श्रद्धालुओं की लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया और बारी आने पर महादेव के दर्शन कर ग्वालियर शहर की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
जन कल्याण समिति ने किया प्रसाद वितरण
महाशिवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर कोटेश्वर महादेव मंदिर परिसर में स्टाल लगाकर जनकल्याण समिति के सदस्यों ने प्रसादी वितरण किया। इस अवसर पर ग्वालियर-15 विधानसभा क्षेत्र के सभी चार भाजपा मंडल पदाधिकारियों ने भी प्रसादी वितरण में जनकल्याण समिति के सदस्यों का सहयोग किया।