शादी का वादा कर लिव-इन के बाद मुकरा युवक
ग्वालियर। शहर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। एक मामले में AI इंजीनियर की आत्महत्या की मर्ग जांच के बाद पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने और अवैध वसूली का मामला दर्ज किया है। वहीं दूसरे मामले में पति से तलाक के बाद ढाई साल तक लिव-इन में रहने वाली महिला ने शादी का वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
पॉक्सो केस से राहत के नाम पर पहले 30 लाख दिए, फिर मांगे 30 लाख; तनाव में AI इंजीनियर ने दी जान
गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के नारायण विहार निवासी लव उर्फ लवजीत राणा ने 20 दिसंबर 2025 को मानसिक तनाव के चलते जहर खा लिया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया।
मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ गवाहों के बयान, ऑडियो रिकॉर्डिंग, मोबाइल CDR और टॉवर लोकेशन की बारीकी से जांच की। जांच में सामने आया कि अप्रैल 2025 में डबरा थाने में एक महिला की शिकायत पर लवजीत और उसके साथी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था।
आरोप है कि इसी मामले में राहत दिलाने का भरोसा देकर लवजीत के परिजनों से 30 लाख रुपये लिए गए। परिजनों के अनुसार 24 अप्रैल को 20 लाख और 7 मई को 10 लाख रुपये एडवोकेट तपन त्रिवेदी को अलग-अलग स्थानों पर दिए गए। इसके बावजूद बाद में दोबारा 30 लाख रुपये की मांग की जाने लगी।
पुलिस जांच के मुताबिक 19 दिसंबर को लवजीत को पता चला कि पहले 30 लाख रुपये दिए जाने के बावजूद उससे फिर 30 लाख रुपये मांगे जा रहे हैं और झूठे केस का डर दिखाया जा रहा है। मानसिक दबाव से परेशान लवजीत ने सुसाइड नोट लिखा, जिसमें खुद को निर्दोष बताते हुए कथित प्रताड़ना का जिक्र किया और अगले दिन जहर खा लिया।
मर्ग जांच पूरी होने के बाद गोला का मंदिर थाना पुलिस ने एक महिला, उसके पति और एडवोकेट तपन त्रिवेदी के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने और अवैध वसूली का अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पति से तलाक कराया, ढाई साल लिव-इन में रखा, शादी से मुकरने का आरोप
दूसरे मामले में गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के पिंटो पार्क निवासी 26 वर्षीय महिला ने अनुराग जाटव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला के मुताबिक करीब ढाई साल पहले उसकी मुलाकात अनुराग से हुई थी। दोनों के बीच फोन पर बातचीत और नजदीकियां बढ़ गईं।
महिला का आरोप है कि पति को अनुराग से उसके संबंधों की जानकारी होने के बाद विवाद बढ़ने लगे। जब उसने यह बात अनुराग को बताई तो उसने पति से तलाक लेने और बाद में उससे शादी करने का भरोसा दिया। अनुराग के भरोसे में आकर महिला ने पति से तलाक ले लिया।
महिला का आरोप है कि इसके बाद वह करीब ढाई साल तक अनुराग के साथ लिव-इन में रही। अनुराग उसे अपने घर के अलावा होटल में भी ले गया, जहां उसके साथ संबंध बनाए गए। बाद में जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया तो अनुराग कथित तौर पर अपने वादे से मुकर गया।
CSP हेडक्वार्टर रोबिन जैन के मुताबिक महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही गई है।
