गौशाला में गोवंश के स्वास्थ्य और कृत्रिम गर्भाधान की ली जानकारी
ग्वालियर/गुना 11 सितम्बर 2026/ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्वालियर संभागीय आयुक्त श्री मनोज खत्री ने ग्वालियर संभाग के गुना जिले के बमोरी क्षेत्र के विभिन्न शासकीय संस्थानों एवं श्रीकृष्ण गौशाला बागेरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला में गोवंश के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं, वैक्सीनेशन, कृत्रिम गर्भाधान, गोमित्रों की स्थिति तथा शासन से मिलने वाले अनुदान की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल भी उपस्थित रहे।
संभागीय आयुक्त श्री मनोज खत्री ने श्रीकृष्ण गौशाला बागेरी का निरीक्षण कर उपसंचालक पशुपालन विभाग से गौशाला को मिलने वाले अनुदान, गोवंश के वैक्सीनेशन, कृत्रिम गर्भाधान तथा कार्यरत गोमित्रों की संख्या के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने गौशाला में गोवंश को चारा एवं गुड़ खिलाया तथा गौशाला परिसर को और अधिक व्यवस्थित एवं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने आमजनों से भी संवाद कर व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
शासकीय डिग्री कॉलेज की व्यवस्थाओं की जानकारी ली
इसके बाद संभागायुक्त श्री खत्री ने शासकीय डिग्री कॉलेज बमोरी का निरीक्षण किया। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली तथा स्टाफ से संवाद कर शिक्षण व्यवस्था के संबंध में चर्चा की।
संभागीय आयुक्त श्री खत्री ने शासकीय संदीपनी उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बमोरी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। साथ ही निर्माणाधीन संदीपनी विद्यालय भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की जानकारी ली।
उचित मूल्य दुकान का किया निरीक्षण
इसके पश्चात संभागीय आयुक्त श्री खत्री ने शासकीय उचित मूल्य की दुकान बमोरी का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकान में उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण की प्रक्रिया की जानकारी ली तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती शिवानी पांडेय सहित अन्य सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
