ग्वालियर। थाना ग्वालियर पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान‘ के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश और सीएसपी कृष्णपाल सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर लाल टिपारा मुरार स्थित सुनील जाटव के घर से 16 वर्षीय बालिका को बरामद किया।
मामले में पुलिस ने 25 वर्षीय आरोपी सुनील जाटव को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म की धाराओं में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरियादी की शिकायत पर 23 सितंबर को मामला दर्ज किया गया था, उसके उपरांत पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से यह सफलता हासिल की।
दूसरी तरफ, इस मामले में गिरफ्तार आरोपी सुनील जाटव की मां ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अपने बेटे को पूरी तरह निर्दोष बताया है। आरोपी की मां का कहना है कि नाबालिग लड़की उनके बेटे पर शादी करने का दबाव बना रही थी और शादी न करने पर जान देने की धमकी दे रही थी, इसी वजह से उनका बेटा मजबूरी में लड़की को अपने घर ले आया था। आरोपी की मां ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से गुहार लगाते हुए मामले में निष्पक्ष जांच कराए जाने और न्याय दिए जाने की मांग की है।
