ब्रेकिंग

स्वतंत्रता दिवस पर परिवहन आयुक्त उमेश जोगा का संदेश : सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार परिवहन से ही सशक्त होगा मध्यप्रदेश

भोपाल/ग्वालियर 15 अगस्त 2026। 80वां स्वाधीनता दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने परिवहन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ प्रदेश के आम नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता के वास्तविक अर्थ को जिम्मेदारी, अनुशासन और कर्तव्यबोध से जोड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का उत्सव नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का भी संकल्प है।

परिवहन आयुक्त ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ करें। परिवहन विभाग सीधे आम नागरिकों से जुड़ा विभाग है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी का व्यवहार शासन की कार्यप्रणाली और प्रशासन की संवेदनशीलता का संदेश जनता तक पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो, नियमों का पालन प्रभावी ढंग से हो और परिवहन सेवाओं में पारदर्शिता बनी रहे, इसे प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने प्रदेशवासियों से भी यातायात नियमों के पालन को अपनी दैनिक जिम्मेदारी बनाने का आह्वान किया। सड़क सुरक्षा केवल सरकार या परिवहन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक वाहन चालक, यात्री और नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे में वाहन न चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करना और यातायात संकेतों का सम्मान करना जैसे छोटे-छोटे अनुशासन ही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

स्वतंत्रता का उत्सव, जिम्मेदारी का संकल्प

उमेश जोगा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का स्मरण कराता है, जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आज स्वतंत्र भारत में हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपने-अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।

शुभकामना संदेशउन्होंने परिवहन विभाग के कर्मचारियों से कहा कि आधुनिक तकनीक और पारदर्शी व्यवस्था के साथ विभागीय सेवाओं को अधिक नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएं। वहीं आम नागरिकों से अपील की कि वे परिवहन संबंधी नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करते हुए सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था के निर्माण में सहयोग करें।

सुरक्षित सड़कें, अनुशासित यातायात और संवेदनशील प्रशासन—यही स्वतंत्रता दिवस के संदेश को सार्थक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। परिवहन आयुक्त ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मध्यप्रदेश को सुरक्षित, सुगम और जिम्मेदार परिवहन व्यवस्था वाला प्रदेश बनाने में सभी की सहभागिता का आह्वान किया।