ब्रेकिंग

आठवां वेतनमान अटका, एक करोड़ से ज्यादा परिवारों की नजर सरकार पर

जनवरी 2026 से अपेक्षित था वेतन संशोधन, आयोग बना लेकिन कर्मचारियों के हाथ अभी खाली; 2027-28 के चुनावों में बन सकता है बड़ा मुद्दा

नई दिल्ली। देश के करोड़ों सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स की निगाहें अब केंद्र सरकार पर टिकी हैं। आठवें केंद्रीय वेतन आयोग का गठन हो चुका है, लेकिन जनवरी 2026 से अपेक्षित वेतन संशोधन का लाभ अभी तक कर्मचारियों को नहीं मिला है। सरकार द्वारा गठित आयोग को अपनी रिपोर्ट देने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। ऐसे में कर्मचारियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब वेतन संशोधन का प्रभाव 1 जनवरी 2026 से अपेक्षित था, तो वास्तविक लाभ कब मिलेगा और उसका एरियर कब जारी होगा?

यह महज वेतन बढ़ोतरी का मामला नहीं है। इसके साथ महंगाई, पेंशन, पारिवारिक बजट और करोड़ों परिवारों की क्रय शक्ति जुड़ी हुई है। वेतन आयोग के फैसले का दायरा करोड़ों कर्मचारियों-पेंशनर्स तक पहुंचता है।

आयोग बना, सुझाव लिए गए, फिर फैसला कब?

सबसे दिलचस्प स्थिति यह है कि सरकार ने आठवें वेतन आयोग को औपचारिक रूप से गठित कर दिया है। आयोग ने कर्मचारियों, पेंशनर्स, कर्मचारी संगठनों और अन्य हितधारकों से सुझाव भी मांगे थे और इसकी प्रक्रिया जून 2026 में पूरी हो चुकी है। सरकार खुद मानती है कि सामान्य तौर पर केंद्रीय वेतन आयोगों की सिफारिशें करीब दस वर्ष के अंतराल पर लागू होने की परंपरा रही है और इसी आधार पर आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों का प्रभाव 1 जनवरी 2026 से अपेक्षित माना गया था, लेकिन आज दिनांक तक लागू नहीं हुआ है‌। और कर्मचारी पूछ रहे हैं—जनवरी से मिलने वाला लाभ अगस्त तक क्यों अटका है?

और दूसरा बड़ा सवाल—क्या कर्मचारियों को बाद में एरियर देकर सरकार मौजूदा देरी की भरपाई करेगी?

सातवें वेतनमान की तरह फिर वही कहानी?

सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के मामले में केंद्र सरकार ने सिफारिशें 2016 में ही मंजूर कर दी थीं और उन्हें 1 जनवरी 2016 से प्रभावी किया गया था। सरकार ने उस समय लगभग एक करोड़ कर्मचारियों और पेंशनर्स को इसका लाभ मिलने की बात कही थी। लेकिन राज्यों में केंद्र की सिफारिशों को अपनाने और भुगतान में देरी के चलते यह लाभ 2018-19 तक मिल सका।

अब आठवें वेतन आयोग को लेकर भी राज्यों के कर्मचारियों में यही चिंता है कि केंद्र की सिफारिश आने और केंद्र द्वारा उसे लागू करने के बाद ही अधिकांश राज्य अपने यहां संशोधित वेतनमान पर फैसला करेंगे।

जैसा कि सरकार के अपने Terms of Reference में भी माना गया है कि राज्य सरकारें आम तौर पर केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों को कुछ संशोधनों के साथ अपनाती हैं। यानी गेंद फिलहाल केंद्र के पाले में है।

50 लाख कर्मचारी नहीं, असली राजनीतिक संख्या इससे कहीं बड़ी

केंद्र में लगभग 50.46 लाख कर्मचारी और 68.27 लाख पेंशनर्स हैं। लेकिन आठवें वेतन आयोग का राजनीतिक प्रभाव सिर्फ केंद्र सरकार के कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा। केंद्र के फैसले के बाद राज्यों के लाखों कर्मचारी भी अपने-अपने राज्यों से समान या संशोधित लाभ की मांग करेंगे।

इसका सीधा असर शिक्षकों, पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों, प्रशासनिक कर्मचारियों, रेलवे, डाक, रक्षा, केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों और पेंशनर्स के परिवारों तक जाएगा। लिहाजा वेतन आयोग का सवाल वेतन से निकलकर एक बड़ा सामाजिक और राजनीतिक मुद्दा बन सकता है।

2027 और 2028 की चुनावी राजनीति में बन सकता है बड़ा मुद्दा

आठवें वेतन आयोग की समयसीमा ऐसे दौर में पड़ रही है, जब देश की राजनीति भी चुनावी मोड में प्रवेश कर रही होगी। साथ ही राम मंदिर चंदा चोरी और पेपर लीक के बड़े मुद्दे सियासत में भूचाल मचा रहे हैं।

2027 में उत्तर प्रदेश समेत कई महत्वपूर्ण राज्यों में विधानसभा चुनाव और 2028 में मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में यदि वेतन आयोग की सिफारिशें समय पर नहीं आतीं, या आने के बाद भी उनके क्रियान्वयन और एरियर को लेकर लंबा इंतजार होता है, तो कर्मचारी संगठन और विपक्ष इसे चुनावी मुद्दा बना सकते हैं। जिसका भारी खामियाजा सत्ताधारी पार्टी को उठाना पड़ सकता है?

कर्मचारी वर्ग की नाराजगी किसी पार्टी के लिए मामूली राजनीतिक खतरा नहीं होती। क्योंकि सरकारी कर्मचारी स्वयं मतदाता हैं और उनके परिवार भी बड़े मतदाता समूह का हिस्सा हैं।

विपक्ष को मिला सरकार पर हमला करने का मुद्दा

विपक्ष पहले से ही रोजगार, पेपर लीक, चंदा-चोरी, महंगाई और सरकारी भर्ती जैसे मुद्दों पर केंद्र और राज्य सरकारों को घेरता रहा है। राम मंदिर से जुड़े चंदे को लेकर भी विपक्ष द्वारा आरोप लगाए जाते रहे हैं और यह मुद्दा राजनीतिक बहस का हिस्सा रहा है। ऐसे माहौल में यदि कर्मचारियों का वेतनमान भी लंबा खिंचता है तो विपक्ष के हाथ में एक और मुद्दा आ सकता है—“सरकार करोड़ों कर्मचारियों से काम ले रही है, लेकिन उनके वेतन संशोधन का फैसला टाल रही है।”

हालांकि सरकार के पास भी अपना पक्ष रखने के लिए पर्याप्त आधार है। आठवां वेतन आयोग गठित है, वह अपना काम कर रहा है और सरकार ने आयोग को आर्थिक स्थिति, राजकोषीय अनुशासन तथा राज्यों की वित्तीय स्थिति सहित कई पहलुओं को ध्यान में रखने को कहा है। लेकिन कर्मचारी संगठनों का सवाल इससे अलग है—अगर 1 जनवरी 2026 को प्रभावी होना अपेक्षित था, तो अंतिम निर्णय में कितना समय लगेगा?

असली लड़ाई अब ‘वेतन’ नहीं, ‘समय’ की है

आठवें वेतन आयोग के सामने सबसे बड़ी चुनौती केवल फिटमेंट फैक्टर या न्यूनतम वेतन तय करना नहीं है। चुनौती यह भी है कि आयोग की सिफारिशें कब आती हैं, सरकार उन्हें कब स्वीकार करती है और वास्तविक भुगतान कब शुरू होता है।

कर्मचारियों को सबसे ज्यादा चिंता इसी बात की है कि कहीं ऐसा न हो कि—जनवरी 2026 का हक कागजों में दर्ज हो और पैसा वर्षों बाद खाते में आए।

सरकार के लिए यह भी ध्यान रखना होगा कि महंगाई के दौर में वेतन संशोधन में देरी का असर केवल सरकारी कर्मचारी की जेब पर नहीं पड़ता। कर्मचारी की आय में वृद्धि होने पर बाजार में खपत बढ़ती है, मकान, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य क्षेत्रों में खर्च बढ़ता है और इसका असर अर्थव्यवस्था पर भी पड़ता है।

अब सरकार को तारीख बतानी होगी

कर्मचारी संगठनों की नजर अब केवल आयोग की रिपोर्ट पर नहीं है। उनकी मांग का केंद्र यह है कि सरकार वेतन आयोग की सिफारिशों के संभावित क्रियान्वयन की स्पष्ट समयसीमा बताए और 1 जनवरी 2026 से प्रभावी लाभ के एरियर पर भी स्थिति स्पष्ट करे।

अब सवाल अब सिर्फ इतना नहीं है कि_“आठवां वेतनमान कब आएगा?” बड़ा सवाल यह है_“क्या सरकार जनवरी 2026 से अपेक्षित लाभ को समय पर कर्मचारियों तक पहुंचाएगी, या लाखों/करोड़ों कर्मचारी फिर वर्षों तक अपने हक के इंतजार में रहेंगे”? और यदि इंतजार लंबा हुआ तो इसका जवाब सिर्फ कर्मचारी संगठन नहीं, 2027 और 2028 के चुनावों में मतदाता भी दे सकते हैं।