पारंपरिक आदिवासी संस्कृति की दिखी झलक, सिंघार बोले मैं कहीं भी रहूं, गंधवानी मेरे दिल में बसता है
भोपाल/ गंधवानी। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं गंधवानी विधायक उमंग सिंघार द्वारा गंधवानी में आयोजित दीपावली एवं नववर्ष 2027 मिलन समारोह में हजारों लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। समारोह में गंधवानी विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर चारों ओर उमंग सिंघार के समर्थकों और चाहने वालों की भीड़ दिखाई दी।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार जैसे ही समारोह स्थल पर पहुंचे, लोगों ने ढोल-मांदल की थाप पर पारंपरिक आदिवासी नृत्य के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। अपने नेता से मिलने और संवाद करने को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया। समारोह के दौरान उमंग सिंघार ने लोगों से मुलाकात की तथा सभी के साथ सामूहिक भोज में भी शामिल हुए।
इस अवसर पर उमंग सिंघार ने कहा कि गंधवानी विधानसभा परिवार के बीच दीपावली एवं नववर्ष 2027 मिलन समारोह में उमड़ा स्नेह, आत्मीयता और अपनत्व का यह सैलाब मेरे लिए हमेशा यादगार रहेगा। खुशियों के इस मिलन ने रिश्तों को और मजबूत किया है और यादों में एक खूबसूरत पल जोड़ दिया है।
गंधवानी के लोगों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री सिंघार ने कहा कि आज मैं मध्यप्रदेश का नेता प्रतिपक्ष हूं तो इसके पीछे गंधवानी की जनता और कार्यकर्ताओं का विश्वास और आशीर्वाद है। आप लोगों ने मुझे जो ताकत दी है, उसी के बल पर मैं गंधवानी के साथ-साथ पूरे प्रदेश के लोगों की आवाज को सड़क से लेकर विधानसभा तक मजबूती से उठा रहा हूं। उन्होंने कहा कि “मैं कहीं भी रहूं, गंधवानी मेरे दिल में बसता है। गंधवानी मेरा परिवार है और यहां के लोगों का प्यार, विश्वास और अपनापन मेरे लिए सबसे बड़ी ताकत है।
समारोह में उमड़ी हजारों लोगों की भीड़ और पारंपरिक आदिवासी संस्कृति के रंग ने पूरे आयोजन को उत्साह और आत्मीयता से भर दिया। दीपावली एवं नववर्ष मिलन समारोह गंधवानी विधानसभा परिवार के बीच आपसी स्नेह, विश्वास और अपनत्व का यादगार अवसर बन गया। इस अवसर पर वरिष्ठ विधायक श्री भंवरसिंह शेखावत, श्री प्रताप ग्रेवाल, राष्ट्रीय सचिव श्री पोरलाल खरते, जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री स्वतंत्र जोशी समेत कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
