सुरजनपुर (मुरैना)। शासकीय सांदीपनि विद्यालय, सुरजनपुर में 14 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक गुरुपूर्णिमा पखवाड़े का आयोजन उत्साहपूर्वक किया जा रहा है। इस पखवाड़े के दौरान विद्यार्थियों के सर्वांगीण एवं चारित्रिक विकास, भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा के संरक्षण तथा सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पखवाड़े के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, “एक वृक्ष गुरु के नाम” वृक्षारोपण अभियान, करियर काउंसिलिंग, योग, ध्यान एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, पालक-शिक्षक बैठक, जनजागरण रैली तथा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं पालकों को स्वच्छता, स्वास्थ्य, योग एवं ध्यान के महत्व, पर्यावरण संरक्षण, गुरु के योगदान तथा विद्यार्थियों के चारित्रिक निर्माण में शिक्षकों के साथ-साथ पालकों की महत्वपूर्ण भूमिका के संबंध में जागरूक किया गया।
गुरुपूर्णिमा पखवाड़े का समापन समारोह 29 जुलाई 2026 को विद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि समाजसेवी श्री राहुल डंडोतिया द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
विद्यालय के प्राचार्य श्री मुकेश शर्मा ने बताया कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण की भावना तथा गुरुजनों के प्रति सम्मान विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के संयोजक श्री रियाज अहमद ने सभी पालकों, विद्यार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों से समापन समारोह में उपस्थित होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
