ब्रेकिंग

उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, महामंत्री रूपम पाण्डेय निलंबित

कानपुर। उत्तर मध्य रेलवे मजदूर संघ के तत्वावधान में 16 अगस्त 2026 को भारतीय मजदूर संघ कार्यालय, कानपुर में केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण अनुशासनात्मक और संगठनात्मक निर्णय लिए गए।

केंद्रीय कार्यकारिणी ने उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ में महामंत्री के दायित्व पर कार्यरत रूपम पाण्डेय को संगठन के संविधान के विरुद्ध कार्य करने एवं अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही प्रयागराज मंडल और झांसी मंडल की सभी मंडलीय कार्यसमितियों को भंग कर दिया गया।

केंद्रीय कार्यकारिणी की ओर से संबंधित उच्च अधिकारियों को पत्र जारी कर इन निर्णयों की सूचना भी भेज दी गई है। पत्र में कहा गया है कि नए मंडलीय गठन तक प्रयागराज, मुख्यालय तथा झांसी मंडल से संबंधित पूर्व मंडलीय पदाधिकारियों अथवा महामंत्री के नाम से किया जाने वाला पत्राचार संगठन की ओर से अवैध एवं अमान्य माना जाए।

नए मंडलीय गठन तक कुंदन कुमार सिंह संभालेंगे दायित्व

संगठनात्मक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नए मंडलीय गठन तक महामंत्री के रिक्त पद का कार्यभार कुंदन कुमार सिंह, संयुक्त सचिव, उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ को सौंपा गया है। वे इस अवधि में संगठन के महामंत्री पद से संबंधित कार्यों का संचालन करेंगे।

केंद्रीय कार्यसमिति के इन निर्णयों के बाद उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ में संगठनात्मक स्तर पर व्यापक बदलाव की स्थिति बन गई है। अब नए मंडलीय कार्यसमितियों के गठन तथा संगठन की आगामी गतिविधियों पर सभी की नजर रहेगी।