ब्रेकिंग

ग्वालियर में पुलिस का डबल एक्शन: आधी रात फायरिंग-पथराव करने वाले तीन गिरफ्तार, छह साल से फरार सहारा सोसायटी चेयरमैन भी दबोचा

हस्तिनापुर में पत्नी को मायके से ले जाने की जिद में जीजा ने साले के घर चलाई गोलियां, लखनऊ से 45,719 करोड़ की सहारा सोसायटी मामले का आरोपी गिरफ्तार

ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस ने एक ही दिन में दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए आधी रात घर पर फायरिंग और पथराव करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, करीब छह साल से फरार चल रहे सहारा यूनिवर्सल मल्टीपर्पस कोऑपरेटिव सोसायटी के चेयरमैन खालिद चौधरी को पुलिस की स्पेशल टीम ने लखनऊ से गिरफ्तार कर ग्वालियर लाया है।

पत्नी को रात में ले जाने की जिद, मना किया तो कट्टे से फायरिंग

हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के चपरोली गांव में बीती रात करीब 11 बजे उस समय दहशत फैल गई, जब अनिल राणा अपने दो साथियों दिलीप और दीपक के साथ ससुराल पहुंचा और अपनी पत्नी भूरीबाई को रात में ही मायके से साथ ले जाने की जिद करने लगा। पत्नी और उसके मायके वालों ने रात में जाने से मना करते हुए सुबह ले जाने की बात कही।

बताया गया है कि मना करने पर अनिल गुस्से में आ गया और गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने कमर से कट्टा निकालकर फायरिंग कर दी। इसी दौरान उसके साथ आए दिलीप और दीपक ने घर पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुई फायरिंग और पत्थरबाजी से परिवार में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने घर के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई।

गोली और शोर की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हुए तो तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। इसके बाद वीरू राणा अपने भाई छोटू राणा के साथ थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों का मेडिकल कराया गया है और पुलिस कट्टे तथा कारतूस के संबंध में पूछताछ कर रही है। फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि घर को नुकसान पहुंचा है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई है।

छह साल से फरार सहारा सोसायटी चेयरमैन लखनऊ से गिरफ्तार

दूसरी बड़ी कार्रवाई में ग्वालियर पुलिस की स्पेशल टीम ने सहारा यूनिवर्सल मल्टीपर्पस कोऑपरेटिव सोसायटी के चेयरमैन खालिद चौधरी को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक खालिद चौधरी करीब छह साल से फरार चल रहा था और उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लंबे समय से निगरानी कर रही थीं।

पुलिस ने उसे लखनऊ स्थित सहारा टावर के पास उस समय पकड़ा, जब वह कार से घर जाने की तैयारी में था। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत के 20 से ज्यादा मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है। ग्वालियर में ही उसके खिलाफ करीब 14 मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक वर्ष 2014 से 2022 के बीच आकर्षक ब्याज का भरोसा देकर देशभर के निवेशकों से करीब 45,719 करोड़ रुपये जमा कराने और मैच्योरिटी के बाद भुगतान नहीं करने के आरोपों से यह मामला जुड़ा है। ग्वालियर-चंबल अंचल और आसपास के क्षेत्रों से भी करीब 500 करोड़ रुपये निवेश कराए जाने का दावा किया जा रहा है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस खालिद चौधरी को ग्वालियर लेकर आई और मुरैना निवासी रितेश जैन से जुड़े 15 लाख रुपये के कथित धोखाधड़ी मामले में उपभोक्ता आयोग के समक्ष पेश किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अदालत और उपभोक्ता आयोग से कई बार जमानती और गैर-जमानती वारंट जारी हो चुके थे।

बाइट — नागेंद्र सिंह सिकरवार, CSP ग्वालियर