ब्रेकिंग

ग्वालियर में तत्काल टिकट की कालाबाजारी का खुलासा, RPF ने दो आरोपियों को पकड़ा

आरक्षण केंद्र की तत्काल टिकट खिड़की पर संदिग्ध गतिविधियों के बाद कार्रवाई, टिकट, नकदी और मोबाइल जब्त

ग्वालियर। तत्काल रेल टिकटों की कालाबाजारी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ग्वालियर के आरक्षण केंद्र की तत्काल टिकट खिड़की पर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए गए।

RPF ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से आगामी यात्रा के टिकटों के साथ पुराने ई-टिकट, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू रावत और देवेंद्र सिंह चौटिया के रूप में हुई है।

रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज

RPF ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद अब RPF यह पता लगाने में जुटी है कि तत्काल टिकटों की कालाबाजारी का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

RPF द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर टिकटों की खरीद-फरोख्त, संभावित ग्राहकों और इस गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।