ब्रेकिंग

ग्वालियर स्मार्ट सिटी सीईओ ने किया थीम पार्क का निरीक्षण, राजस्व वसूली और स्वच्छता को लेकर दिए दिशा निर्देश

ग्वालियर 06 अक्टूबर 2026। ग्वालियर स्मार्ट सिटी द्वारा शहर के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निर्मित थीम पार्क का आज स्मार्ट सिटी सीईओ श्री टी. प्रतीक राव द्वारा सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस का दायित्व संभाल रही वेंडर एजेंसी के प्रतिनिधि तथा स्मार्ट सिटी के संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों ने सीईओ श्री टी. प्रतीक राव को थीम पार्क की वर्तमान व्यवस्थाओं, नागरिक सुविधाओं और संचालन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने पूरे थीम पार्क परिसर का मुआयना करते हुए झूलों, हरित क्षेत्र और खान-पान के स्थानों का जायजा लिया तथा जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के उपरांत व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सीईओ श्री राव ने संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। ​

राव ने ऑपरेशन और मेंटेनेंस देख रहे वेंडर को निर्देशित किया कि टेंडर एवं अनुबंध की शर्तों के अनुसार जो भी देय राजस्व राशि बनती है, उसे बिना किसी विलंब के तत्काल स्मार्ट सिटी के खाते में जमा कराया जाए। वही उन्होंने पार्क परिसर में उच्च स्तरीय स्वच्छता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि यहां आने वाले पर्यटकों को स्वच्छ और सुखद वातावरण मिल सके उसके लिए विभिन्न फूड स्टॉल और कैफेटेरिया से निकलने वाले कचरे का नियमित व वैज्ञानिक तरीके से त्वरित निष्कासन सुनिश्चित किया जाए। ​

सीईओ श्री राव ने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि वे थीम पार्क से जुड़े निविदा दस्तावेजों, अनुबंधों, ड्रॉइंग डिज़ाइन तथा वित्तीय राजस्व के संपूर्ण ब्योरे की विस्तृत फाइल तैयार कर शीघ्र उनके समक्ष प्रस्तुत करें। साथ ही पार्क संचालन से संबंधित अन्य सभी लंबित विषयों व तकनीकी पहलुओं पर भी आपसी समन्वय बनाकर शीघ्र निराकरण करने के लिए उनके द्वारा निर्देशित किया गया।