ब्रेकिंग

यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े गुंडागर्दी, मॉल के पीछे मारपीट के बाद चली गोली, पुलिस जांच में जुटी

ग्वालियर। ​शहर के यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत सालासर मॉल के पीछे स्थित होम लोन्स के ऑफिस के बाहर शनिवार को दिनदहाड़े बेखौफ बदमाशों द्वारा जमकर मारपीट और गोलीबारी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के दौरान अचानक हुई फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी, सीएसपी और थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए वहां से दो चले हुए खोखे बरामद किए हैं।

हालांकि, यह पूरी वारदात किस विवाद या रंजिश के चलते अंजाम दी गई है, इसका सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस आसपास मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। इसके साथ ही हमलावरों की पहचान स्थापित करने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गोलीबारी और मारपीट की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी, साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर जांच जारी है तथा जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वाइट- सीएसपी रवि भदौरिया