ब्रेकिंग

37 नए DRM नियुक्त, लेकिन निवर्तमान अधिकारियों की अगली पोस्टिंग पर रेलवे बोर्ड मौन

नए मंडल प्रमुखों के स्वागत के बीच 37 वरिष्ठ अधिकारी प्रतीक्षा में; एक ही आदेश में नई जिम्मेदारी देने से बचा जा सकता था प्रशासनिक गतिरोध

रेलवे बोर्ड के फैसले पर सवाल: नेतृत्व परिवर्तन की तैयारी पूरी, लेकिन पुराने अधिकारियों के भविष्य की व्यवस्था अधूरी

नई दिल्ली। रेलवे बोर्ड ने 27 नवंबर 2026 को भारतीय रेलवे के विभिन्न मंडलों में 37 नए मंडल रेल प्रबंधकों (DRM) की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। एक साथ बड़े पैमाने पर किए गए इस फेरबदल को रेलवे में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लेकिन इस आदेश के साथ ही एक गंभीर प्रशासनिक सवाल भी खड़ा हो गया है—जब नए डीआरएम की नियुक्तियां तय थीं, तो निवर्तमान डीआरएम की अगली पदस्थापना के आदेश उसी समय क्यों जारी नहीं किए गए?

निवर्तमान अधिकारियों को उनके वर्तमान मंडलों से कार्यमुक्त कर संबंधित जोनल रेलवे मुख्यालयों में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। यानी जिन वरिष्ठ अधिकारियों को कठोर चयन प्रक्रिया के बाद मंडल रेल प्रबंधक जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी, उन्हें अब अपनी अगली भूमिका तय होने तक प्रतीक्षा करनी होगी।

एक महीने पहले आदेश, लेकिन आगे की व्यवस्था अधूरी

रेलवे बोर्ड ने इस बार डीआरएम की नियुक्तियों के आदेश लगभग एक महीने पहले जारी कर दिए। यह पहल नए अधिकारियों को कार्यभार संभालने की तैयारी के लिए पर्याप्त समय देने के लिहाज से सकारात्मक है। लेकिन इसी प्रक्रिया में निवर्तमान अधिकारियों की अगली पदस्थापना को लेकर स्पष्टता का अभाव दिखाई देता है।

बताया जा रहा है कि निवर्तमान डीआरएम में से अधिकांश ने अपना निर्धारित 24 महीने का कार्यकाल पूरा नहीं किया है। उनके पदस्थापना आदेश 26 दिसंबर 2024 को जारी हुए थे। ऐसे में 27 नवंबर 2026 का यह सामूहिक फेरबदल रेलवे बोर्ड की ओर से डीआरएम नियुक्तियों को एक नियमित द्विवार्षिक चक्र में समेटने की संभावित रणनीति का संकेत देता है।

यदि रेलवे बोर्ड वास्तव में नियुक्तियों को एक निश्चित चक्र में व्यवस्थित करना चाहता है, तो यह स्वागत योग्य कदम हो सकता है। लेकिन ऐसी व्यवस्था तभी प्रभावी मानी जाएगी, जब इसमें आने वाले और जाने वाले दोनों अधिकारियों के लिए समान रूप से स्पष्ट, समयबद्ध और सम्मानजनक प्रक्रिया अपनाई जाए।

नए डीआरएम के लिए भी जरूरी हैं प्रशासनिक मर्यादाएं

नए मंडल रेल प्रबंधकों के सामने केवल कार्यभार संभालने की चुनौती नहीं होगी, बल्कि उन्हें अपने मंडलों में प्रशासनिक निष्पक्षता और पेशेवर अनुशासन की मजबूत परंपरा भी स्थापित करनी होगी।

निवर्तमान बैच के कई अधिकारियों ने अपने कार्यालयों में सहायक कर्मचारियों के नियमित रोटेशन को लागू किया। इस व्यवस्था का उद्देश्य लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे कर्मचारियों के प्रभाव और संभावित निहित स्वार्थों को सीमित करना था। नए डीआरएम से अपेक्षा होगी कि वे इस नीति को बिना किसी भेदभाव या अपवाद के जारी रखें।

इसके साथ ही मंडलों में चाटुकारिता की संस्कृति पर भी अंकुश लगाना आवश्यक है। किसी मंडल प्रमुख को ‘राजा’ बताकर उसके आसपास प्रभाव और विशेषाधिकार का माहौल तैयार करना प्रशासनिक व्यवस्था के लिए स्वस्थ संकेत नहीं है। डीआरएम का पद अधिकारों के प्रदर्शन का नहीं, बल्कि जवाबदेही और जनसेवा का पद है।

अधिकारियों के परिवारों से जुड़ी किसी भी प्रकार की अनुचित अपेक्षा, उपहार मांगने या विशेष व्यवहार की शिकायतों के प्रति भी रेलवे प्रशासन को स्पष्ट और कठोर रुख अपनाना चाहिए। पद की गरिमा परिवार के सदस्यों के व्यवहार से भी प्रभावित होती है।

37 वरिष्ठ अधिकारी आखिर कब तक प्रतीक्षा करेंगे?

सबसे बड़ा सवाल उन 37 निवर्तमान डीआरएम की अगली पदस्थापना को लेकर है, जिनके पास अभी भी लगभग छह से आठ वर्ष की सेवा शेष बताई जा रही है। ये अधिकारी रेलवे की वरिष्ठ नेतृत्व व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ऐसे में उन्हें बिना स्पष्ट जिम्मेदारी के प्रतीक्षा में रखना मानव संसाधन प्रबंधन की दृष्टि से उचित नहीं कहा जा सकता।

रेलवे बोर्ड के पास इन अधिकारियों की सेवा, अनुभव, कैडर और संभावित पदस्थापना की जानकारी उपलब्ध है। मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (HRMS) के माध्यम से अधिकारियों की पोस्टिंग संबंधी प्राथमिकताओं को दर्ज करने की सुविधा भी मौजूद है। इसके अलावा रेलवे बोर्ड का सीआरबी सेल और संबंधित कैडर नियंत्रण प्राधिकारी इन अधिकारियों से परामर्श कर उनकी अगली जिम्मेदारी तय कर सकते हैं। ऐसे में यह सवाल स्वाभाविक है कि नए डीआरएम की नियुक्ति के साथ निवर्तमान अधिकारियों की अगली पोस्टिंग के आदेश जारी करने में क्या बाधा थी?

यदि अधिकारियों को अपनी अगली पदस्थापना के लिए नई दिल्ली स्थित रेल भवन के चक्कर लगाने पड़ते हैं, तो यह व्यवस्था न केवल समय और संसाधनों की बर्बादी होगी, बल्कि वरिष्ठ अधिकारियों के सम्मान और मनोबल पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। दूरस्थ जोनल मुख्यालयों में तैनात अधिकारियों के लिए बार-बार दिल्ली पहुंचना व्यावहारिक रूप से भी कठिन हो सकता है।

बंगले खाली कराने से लेकर कार्यभार हस्तांतरण तक, कई सवाल

अगली पदस्थापना स्पष्ट न होने से केवल अधिकारियों का मनोबल प्रभावित नहीं होता, बल्कि प्रशासनिक और आवासीय व्यवस्था भी जटिल हो जाती है।

निवर्तमान डीआरएम को अपने आधिकारिक आवास खाली करने हैं, जबकि नए अधिकारी को उसी मंडल में कार्यभार संभालना है। ऐसे में यदि पुराने अधिकारी की अगली पोस्टिंग तय नहीं है, तो आवास खाली कराने, सामान स्थानांतरित करने और नए अधिकारी के सुचारू कार्यभार ग्रहण करने में अनावश्यक कठिनाइयां पैदा हो सकती हैं।

रेलवे जैसे विशाल संगठन में नेतृत्व परिवर्तन केवल नियुक्ति आदेश जारी करने तक सीमित नहीं होना चाहिए। इसके साथ कार्यभार हस्तांतरण, आवासीय व्यवस्था, नई जिम्मेदारी और सेवा निरंतरता की पूरी योजना तैयार करना भी प्रशासनिक दक्षता का हिस्सा है।

रेलवे बोर्ड से तत्काल निर्णय की अपेक्षा

रेलवे बोर्ड ने नए डीआरएम की नियुक्तियों के आदेश जारी कर नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब आवश्यकता है कि निवर्तमान अधिकारियों की अगली पदस्थापना पर भी उतनी ही तत्परता दिखाई जाए।

बोर्ड को संबंधित अतिरिक्त सदस्यों और कैडर नियंत्रण प्राधिकारियों के माध्यम से सभी 37 अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां शीघ्र तय कर आदेश जारी करना चाहिए। इससे न केवल अधिकारियों को अनिश्चितता से राहत मिलेगी, बल्कि नए डीआरएम के कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया भी अधिक सहज और व्यवस्थित हो सकेगी।

रेलवे की आधुनिक और प्रगतिशील छवि केवल नई नियुक्तियों से नहीं बनती। यह उस प्रशासनिक संस्कृति से बनती है, जिसमें अधिकारियों की क्षमता का सम्मान हो, जिम्मेदारियां समय पर तय हों और किसी भी वरिष्ठ अधिकारी को अनावश्यक रूप से प्रतीक्षा में न रखा जाए।

नए डीआरएम का स्वागत, लेकिन निवर्तमान अधिकारियों को भी सम्मानजनक विदाई और नई जिम्मेदारी मिलनी चाहिए। रेलवे बोर्ड के लिए अब यही सबसे जरूरी प्रशासनिक परीक्षा है।

37 नए डीआरएम की सूची

* Subin Kumar, IRSE — DDU

* Narendra Kumar Lohiya, IRSE — JU

* Deepak Narayan Kate, IRSE — CSTM

* Akshay Kumar Marantu, IRSE — Jammu

* Manisha Chatterjee, IRTS — UMB

* Samir Shankar, IRTS — UBL

* Nitin Bansal, IRTS — PRYJ

* Amit Kumar Jain, IRTS — SBP

* Prithul Kumar, IRTS — Raipur

* Shikha Srivastava, IRTS — LJN

* Manoj Kumar Gangeya, IRTS — SDAH

* Veena Kumari Verma, IRTS — AII

* Yashwant Chaudhary, IRTS — RTM

* Archana Mittal, IRSME — MLDT

* Amit Srivastava, IRSME — VSKP

* Sudhir Kumar Sarvaria, IRSME — BCT

* Guninder Singh Narang, IRSME — JBP

* Inderjit Dihana, IRSME — NGP/CR

* Neeraj Srivastava, IRSME — DHN

* Prashant Kumar, IRSME — LMG

* Amandeep Kapoor, IRSME — LKO

* Sanjay Singh, IRSEE — DLI

* Neeraj K. Verma, IRSEE — CKP

* Naveen Kumar Agarwal, IRSEE — SBC

* Dilip Kumar Srivastava, IRSEE — IZN

* Satyendra K. Shukla, IRSEE — GTL

* Bhardwaj Chaudhary, IRSEE — SUR

* Pawan Priya Raju, IRSEE — KTT

* Yogendra Baghel, IRSEE — GNT

* Sharad Sharma, IRSSE — TSK

* Amita Shukla, IRAS — NGP/SECR

* Abheejit Kumar Sinha, IRAS — MYS

* Bhaskar Choradia, IRAS — RGDA

* Rajesh Tiwari, IRSS — BRC

* Devendra Choudhary, IRSS — SA

* Manish Chandra, IRPS — NED

* Harsha Dass, IRPS — Pune