ब्रेकिंग

अब्दुल्ला की भूमिका पर चुग ने उठाए सवाल, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री मोदी ने 370 को हटा जम्मू-कश्मीर को देश की मुख्यधारा से जोड़ मुखर्जी के संकल्प को पूरा किया:चुग

श्रीनगर, 23 जून 2026। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद एवं जम्मू-कश्मीर के पार्टी प्रभारी तरुण चुग ने आज जनसंघ (वर्तमान भाजपा) के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने देश की राष्ट्रीय एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

डॉ. मुखर्जी के बलिदान को याद करते हुए चुग ने उस समय के जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री शेख अब्दुल्ला की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी को जम्मू-कश्मीर में बिना अनुमति प्रवेश करने पर गिरफ्तार किया गया था और बाद में संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मृत्यु हुई।

चुग ने कहा कि डॉ. मुखर्जी समावेशी और एकीकृत भारत की राष्ट्रीय भावना के प्रतीक थे, जबकि उनके अनुसार शेख अब्दुल्ला उस समय अलग राजनीतिक व्यवस्था स्थापित करने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी जम्मू-कश्मीर के लिए अलग संविधान, अलग झंडे और अलग राजनीतिक व्यवस्था के विरोधी थे, जिसे उस समय अनुच्छेद 370 के अंतर्गत लागू रखने की कोशिश की जा रही थी। चुग ने कहा कि उनकी मृत्यु की कोई स्वतंत्र जांच या निष्पक्ष पड़ताल नहीं होना इस बात की ओर संकेत करता है कि इस पूरे प्रकरण के कई पहलू आज भी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुच्छेद 370 को हटाकर जम्मू-कश्मीर को देश की मुख्यधारा से जोड़ने और विकास की नई दिशा देने के लिए निर्णायक कदम उठाए हैं।चुग ने आरोप लगाया कि अब्दुल्ला परिवार ने लंबे समय तक जम्मू-कश्मीर के लोगों को उनके मूल अधिकारों और आर्थिक प्रगति से वंचित रखा।

इस अवसर पर भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी रिसर्च फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. अनिर्बान गांगुली ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष डॉ. मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष मनाया जा रहा है तथा उनके जन्मस्थान पश्चिम बंगाल में लंबे संघर्ष के बाद भाजपा सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का “एक देश, एक संविधान” का दृष्टिकोण प्रधानमंत्री मोदी के “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के विजन के माध्यम से साकार हुआ है।

जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद सत शर्मा ने लोगों के बीच राष्ट्रभावना को मजबूत करने का आह्वान किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महासचिव मोहम्मद अनवर खान, प्रदेश प्रवक्ता मंजूर भट, प्रदेश सचिव आरिफ राजा, मुदस्सिर वानी, अल्ताफ ठाकुर तथा बिलाल पर्रे भी उपस्थित रहे।