मुख्य सचिव की आपत्ति के बाद PWD में पहली कार्रवाई, अनुभाग अधिकारी दयानंद उपाध्याय मूल विभाग लौटाए गए..
भोपाल 30 जुलाई 2026। लोक निर्माण विभाग (PWD) में अधीक्षण यंत्रियों की मुख्य अभियंता पद पर पदोन्नति से जुड़ी कथित गोपनीय ग्रेडिंग रिपोर्ट लीक होने के मामले में सरकार ने पहली प्रशासनिक कार्रवाई कर दी है। युग क्रांति द्वारा तीन-चार दिन पहले प्रकाशित इस सनसनीखेज खुलासे के बाद विभाग और वल्लभ भवन में मची हलचल के बीच स्थापना शाखा में पदस्थ अनुभाग अधिकारी दयानंद उपाध्याय को लोक निर्माण विभाग से कार्यमुक्त कर उनके मूल विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग (GAD), वापस भेज दिया गया है।
29 जुलाई 2026 को जारी लोक निर्माण विभाग के आदेश में स्पष्ट रूप से उल्लेख है कि दयानंद उपाध्याय को अपराह्न से विभाग से कार्यमुक्त कर मूल विभाग लौटाया जा रहा है। आदेश पर उप सचिव राजेश शाह के ई-हस्ताक्षर हैं तथा इसे प्रमुख सचिव की स्वीकृति से जारी किया गया है।
क्या था पूरा मामला ?..
युग क्रांति ने अपनी पूर्व प्रकाशित खबर में खुलासा किया था कि मुख्य अभियंता पदोन्नति के लिए तैयार की गई कथित गोपनीय ग्रेडिंग रिपोर्ट विभाग से लीक हो गई थी। रिपोर्ट में कई ऐसे अधिकारियों को भी 20 अंक देकर ‘क+’ (उत्कृष्ट) श्रेणी में शामिल किए जाने के आरोप लगे थे, जिनकी पात्रता और सेवा अभिलेखों पर गंभीर प्रश्नचिह्न बताए जा रहे थे।
सूत्रों के अनुसार, रिपोर्ट में गंभीर विसंगतियों की शिकायत मिलने पर तत्कालीन मुख्य सचिव अनुराग जैन ने स्वयं रिपोर्ट पर आपत्ति जताई थी और उसे पुनः परीक्षण के लिए वापस भेज दिया था।
अब निगाहें आगे की कार्रवाई पर..
दयानंद उपाध्याय को विभाग से हटाकर मूल विभाग भेजे जाने के आदेश ने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं। विभागीय गलियारों में चर्चा है कि यह कार्रवाई गोपनीय दस्तावेज के लीक होने की घटना से जुड़ी मानी जा रही है। यद्यपि शासन के आदेश में स्थानांतरण या वापसी का कारण स्पष्ट रूप से दर्ज नहीं किया गया है मगर विभाग में चर्चात यह भी कि उपाध्याय के द्वारा ग्रेडिंग लिस्ट एवं प्रमोशन की प्रक्रिया में काफी-कुछ झोलमाल किया गया है।
अब यह मामला केवल गोपनीय रिपोर्ट लीक होने तक सीमित नहीं है, बल्कि पदोन्नति प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि सरकार इस मामले में विभागीय जांच को किस निष्कर्ष तक पहुंचाती है और क्या कथित अनियमितताओं के लिए अन्य जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई होती है।
इस खबर पर हुआ असर..
