ग्वालियर। शहर में लंबित गंभीर अपराधों और फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना ग्वालियर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने हत्या के प्रयास और अवैध हथियारों की तस्करी जैसे संगीन मामलों में वांछित तीन शातिर आरोपियों को दबोच लिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा एवं सीएसपी कृष्णपाल सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर यह कार्रवाई की। पुलिस को जानकारी मिली थी कि अपराध क्रमांक 126/26 और 127/26 में फरार इनामी आरोपी भानू तोमर इंदिरा नगर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी मोटरसाइकिल पटककर भागने लगा, जिसे जवानों ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने अपराध स्वीकार किए और अपने अन्य साथियों के ठिकाने का खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चौड़े के हनुमान नगर स्थित निवास से आरोपी हर्षित शर्मा और पुच्ची उर्फ शिवम राजपूत को भी धर दबोचा, जो अपराध क्रमांक 375/26 में वांछित थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़कर घटना स्थल का मौका मुआयना कराया।
आरोपी भानू तोमर बीते 28 मार्च 2026 को सोना गार्डन ओवरब्रिज के पास अवैध हथियारों के साथ पकड़े गए साथियों के मामले में अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला था। इसके अगले ही दिन 29 मार्च को गोसपुरा निवासी आयुष खटीक पर पुरानी रंजिश के चलते जान से मारने की नियत से कट्टे से फायरिंग करने और एससी/एसटी एक्ट के मामले में भी वह नामजद था। वहीं गिरफ्तार अन्य दोनों आरोपी हर्षित शर्मा और पुच्ची उर्फ शिवम राजपूत बीते 24 जुलाई 2026 की रात खड़ेश्वरी मंदिर के पास डेयरी पर खड़े गुरुदत्त सिंह भदौरिया और उनके साथियों पर जानलेवा हमला कर गोलीबारी करने के मामले में फरार चल रहे थे।
पुलिस फिलहाल तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अन्य आपराधिक वारदातों और अवैध हथियारों के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा, उपनिरीक्षक अजय सिकरवार, रामेंद्र सेंगर तथा आरक्षक ब्रजकिशोर भदौरिया, भागीरथ गुर्जर, श्रीकृष्ण राठौर, रायसिंह कसांना, लाखन सिंह, राहुल गौड, अनिल कुमार, पवन कुमार शर्मा और हितेन्द्र शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
वाइट- थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा
